विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में प्रतिबंधित कार्बाइड गन बनाने का कारखाना पकड़ा, 3 ठिकानों पर छापे; 66 गन जब्त

Published: Fri, 23 Oct 2026 10:51 PM (GMT+05:30)

ग्वालियर पुलिस ने दीपावली से पहले प्रतिबंधित कार्बाइड गन बनाने वाले एक कारखाने का भंडाफोड़ किया है। सिरोल और घासमंडी ...और पढ़ें

सिरोल क्षेत्र में कार्बाइड गन की फैक्ट्री पर जांच करती पुलिस।

सिरोल क्षेत्र में कार्बाइड गन की फैक्ट्री पर जांच करती पुलिस।

HighLights

  1. ग्वालियर में अवैध कार्बाइड गन बनाने का कारखाना पकड़ा गया।

  2. पुलिस ने तीन ठिकानों पर छापा मारकर 66 गन जब्त कीं।

  3. कारखाना संचालक सहित तीन आरोपित हिरासत में लिए गए।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। दीपावली के आसपास प्रतिबंधित कार्बाइड गन की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। ग्वालियर के सिरोल क्षेत्र में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारकर कार्बाइड गन बनाने का कारखाना पकड़ा है। इसके अलावा घासमंडी क्षेत्र की दो दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। तीनों ठिकानों से कुल 66 कार्बाइड गन जब्त की गई हैं। पुलिस ने कारखाना संचालक सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

स्टील ट्रेडर्स के कारखाने में तैयार मिलीं 58 गन

सिरोल चौराहे के पास स्थित मां पीतांबरा स्टील ट्रेडर्स में कार्बाइड गन तैयार किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद सिरोल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एसएसपी धर्मवीर सिंह और एसडीएम अतुल सिंह भी वहां पहुंचे।

तलाशी में कारखाने से 58 तैयार कार्बाइड गन और पोटाश के पांच पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने कारखाना संचालक रमन ओझा, निवासी शिवनगर सिरोल, को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रशासन ने कार्रवाई के बाद कारखाने को सील कर दिया।

सिंगल बैरल से लेकर पांच बैरल वाली गन

पुलिस के मुताबिक, कारखाने से जब्त गनों में 47 सिंगल बैरल, 10 डबल बैरल और पांच बैरल वाली एक गन शामिल है। इन हथियारों के निर्माण और संभावित बिक्री के संबंध में पुलिस आगे जांच कर रही है।

घासमंडी की दो दुकानों पर भी छापा

कारखाने के अलावा पुलिस ने घासमंडी क्षेत्र में भी कार्रवाई की। यहां दुकानदार अनिल झा की दुकान से छह और काले खान की दुकान से दो कार्बाइड गन जब्त की गईं। दोनों दुकानदारों को हिरासत में लेकर मुरार थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- MP में पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 3 जिलों में 121 मामले; राजस्थान से जुड़ रहे आरोपितों के तार

गोला का मंदिर क्षेत्र में भी पकड़ा गया था कारखाना

इससे एक दिन पहले गोला का मंदिर क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्बाइड गन बनाने के ठिकाने पर कार्रवाई की थी। वहां से तीन पैकेट पोटाश, एक तैयार गन और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई थी। इस मामले में कारखाना संचालक छत्रपाल सिंह बघेल को पकड़ा गया था।

अवैध पटाखे, प्रतिबंधित कार्बाइड गन पर कार्रवाई की जा रही है। कार्बाइड गन का कारखाना पकड़ा है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की है, जहां अवैध रूप से पटाखे, विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था।
- धर्मवीर सिंह, एसएसपी।