जुड़वा बेटियां जन्मीं तो पति ने पत्नी पर चाकू से किए वार, वार्ड में मची चीख-पुकार... ग्वालियर KRH में खौफनाक वारदात
ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल में जुड़वा बेटियों के जन्म से नाराज पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र। (इनसेट में- घायल महिला)
HighLights
ग्वालियर KRH में पति ने पत्नी पर चाकू से हमला किया।
जुड़वा बेटियों के जन्म से नाराज होकर किया यह कृत्य।
आरोपित पति को अस्पताल सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पकड़ा।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल (KRH) के गायनिक वार्ड में बुधवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। जुड़वा बेटियों को जन्म देने से नाराज पति ने अस्पताल में भर्ती पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी के चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक हुए हमले से वार्ड में मौजूद प्रसूताओं और उनके स्वजन में दहशत फैल गई।
घटना के दौरान अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपित पति को पकड़ लिया। वहीं वार्ड में मौजूद कुछ मरीजों के स्वजन ने भी उसे घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही अस्पताल के सहायक अधीक्षक डॉ. हितेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
ऑपरेशन के बाद वार्ड में पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार हजीरा निवासी पूजा पत्नी उदयभान को प्रसव पीड़ा के चलते मंगलवार को KRH के गायनिक विभाग में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह चिकित्सकों ने उसे प्रसव के लिए ऑपरेशन थिएटर भेजा, जहां उसने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया।
ऑपरेशन के बाद पूजा को गायनिक वार्ड में शिफ्ट किया गया। कुछ देर बाद उसका पति उदयभान वार्ड में पहुंचा और चाकू निकालकर पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपित ने उसके चेहरे पर कई वार किए, जिससे गहरे घाव हो गए।
मां पर हमला होते देख बच्चियों को बचाने की कोशिश
हमले के समय पूजा के पास उसकी नवजात जुड़वा बच्चियां भी थीं। चाकू से हमला होते ही वार्ड में मौजूद स्टाफ और परिजनों ने महिला और बच्चियों को सुरक्षित करने की कोशिश की। अचानक मची अफरा-तफरी के बीच सुरक्षा कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को काबू में किया।
यह भी पढ़ें- बांग्लादेशियों के पासपोर्ट रैकेट में बड़ा खुलासा: भोपाल-डबरा के 2 साइबर कैफे से हुए 57 आवेदन, STF के रडार पर संचालक
अस्पताल प्रबंधन ने घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था संभाली और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पूजा के मायके पक्ष के परिजन शिकायत लेकर कंपू थाने पहुंचे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गायनिक वार्ड में पूजा नामक महिला भर्ती थी। उस पर उसके पति ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर गहरे घाव हुए हैं। महिला को तत्काल उपचार दिया गया।
- डॉ. हितेंद्र यादव, सहायक अधीक्षक, केआरएच
