हिंदू बनकर छात्रा से दोस्ती, ग्वालियर के होटल में सात दिन तक किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर बनाने लगा मतांतरण का दबाव
भोपाल में पढ़ रही एक छात्रा से इंस्टाग्राम पर हिंदू बनकर दोस्ती की गई। आरोपी ने उसे ग्वालियर बुलाकर एक ...और पढ़ें

छात्रा से दुष्कर्म (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। भोपाल में पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने खुद को हिंदू बताकर इंस्टाग्राम पर संपर्क किया, भरोसा जीतकर उसे ग्वालियर बुलाया और होटल में कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
फर्जी पहचान से बनाई नजदीकी
पीड़िता, जो मूल रूप से पांढुर्णा की रहने वाली है, भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘सदेव शूटर’ नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई, जिसे स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने खुद को ग्वालियर का निवासी बताया और धीरे-धीरे छात्रा का विश्वास जीत लिया।
होटल में किया दुष्कर्म
युवक के बुलावे पर छात्रा ग्वालियर पहुंची, जहां उसे गिरवाई क्षेत्र के एक होटल में ठहराया गया। आरोप है कि वहां सात दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन की शर्त रखी। इतना ही नहीं, गर्भवती होने पर उसके साथ मारपीट कर जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया गया है।
ठगी का भी आरोप
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने खुद को मुसीबत में बताकर उससे 50 हजार रुपये भी ऐंठ लिए। पैसे देने के लिए छात्रा को अपने कान की बालियां तक बेचनी पड़ीं। गिरवाई थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
