देवरानी को जेठ भाया, जेठानी का देवर पर दिल आया... हाईकोर्ट में पहुंचा अजीबोगरीब मामला, जज ने ठोक दिया जुर्माना
मप्र हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में एक अजीबोगरीब पारिवारिक विवाद सामने आया। कोर्ट ने इस मामले को समय की बर्बादी बताते हुए याचिकाकर्ता पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया और याचिका खारिज कर दी।

ग्वालियर हाईकोर्ट (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में एक हैरान करने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया, जिसने सुनवाई के दौरान अदालत को भी चौंका दिया। पत्नी को बंधक बनाए जाने का आरोप लगाकर पति द्वारा दायर हैबियस कॉर्पस याचिका उस वक्त पलट गई, जब महिला ने कोर्ट में पेश होकर साफ कहा- वह अपने देवर के साथ रहना चाहती है।
कोर्ट में पलटी पूरी कहानी
याचिकाकर्ता गिरजाशंकर गौड़ ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी को बंधक बना लिया गया है। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस जब महिला को पेश करने लाई, तो उसने बंधक बनाए जाने की बात से इंकार कर दिया और कहा कि वह अपने देवर मयराम विश्वकर्मा के साथ रहना चाहती है। उसने यह भी बताया कि वह पहले से तलाक की अर्जी दे चुकी है।
देवरानी का बयान और बढ़ा विवाद
मामले ने और पेचीदा मोड़ तब लिया, जब देवर की पत्नी शिवानी ने अदालत में कहा कि वह अपने जेठ गिरजाशंकर से शादी करना चाहती है। इस पर कोर्ट में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।
कोर्ट की सख्त टिप्पणी
न्यायमूर्ति आनंद पाठक और पुष्पेंद्र यादव की खंडपीठ ने मामले पर कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा कि निजी पारिवारिक विवाद को हैबियस कॉर्पस का रूप देकर न्यायालय और पुलिस का समय व्यर्थ किया गया है।
लगाया जुर्माना
याचिकाकर्ता द्वारा याचिका वापस लेने की मांग पर कोर्ट ने उसे खारिज करते हुए 1000 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही निर्देश दिया कि यह राशि 10 दिनों के भीतर भोपाल स्थित जुवेनाइल जस्टिस फंड में जमा की जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।