विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवपुरी में धीरेंद्र शास्त्री के कथा पंडाल में लगी आग, शॉर्ट सर्किट के बाद मचा हड़कंप; टला बड़ा हादसा

Published: Sun, 25 Oct 2026 06:18 PM (IST)

करैरा में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथा पंडाल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। समय ...और पढ़ें

कथा पंडाल में लगी आग को बुझाता कर्मी।

कथा पंडाल में लगी आग को बुझाता कर्मी।

HighLights

  1. करैरा में चल रही पं. धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा, पंडाल में लगी आग।

  2. शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

  3. पंडाल खाली होने से बड़ा हादसा टला, आग पर काबू पाया।

डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। जिले के करैरा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा के आयोजन स्थल पर रविवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कथा पंडाल के अंदर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पंडाल से उठने लगा धुआं

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3 बजे कथा पंडाल के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। आमतौर पर कथा इसी समय शुरू होती है, लेकिन रविवार को पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिल्ली जाने के कारण कार्यक्रम का समय शाम 5 बजे निर्धारित किया गया था। इस वजह से पंडाल में श्रद्धालु एकत्र नहीं हुए थे और मंच पर भी कोई गतिविधि नहीं चल रही थी।

पंडाल से धुआं निकलता देख आयोजन समिति के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया।

एसडीईआरएफ ने संभाला मोर्चा 

सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

आयोजन स्थल पर लाल और सफेद कपड़े से बना विशाल डोम होने के कारण आग फैलने की आशंका थी। यदि यही घटना कथा के दौरान होती, जब पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहते, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। भीड़ के बीच भगदड़ मचने से जनहानि का खतरा भी पैदा हो सकता था।

यह भी पढ़ें- MP में साइबर ठगी का फैलता जाल, 80 प्रतिशत धोखाधड़ी अब ऑनलाइन ट्रेडिंग और क्रिप्टो के नाम पर

घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त

हादसे के बाद जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा शुरू कर दी है। पंडाल की विद्युत वायरिंग की दोबारा जांच की जा रही है। साथ ही, आग से बचाव के उपकरणों की उपलब्धता और तैनाती बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पाए जाने से श्रद्धालुओं और आयोजकों ने राहत की सांस ली।

आग शॉर्ट सर्किट के कारण करीब 3 बजे के आसपास लगी। हालांकि आज महाराज के किसी काम से दिल्ली जाने के कारण कथा का समय 5 बजे का था। पंडाल में ज्यादा लोग नहीं थे। इस कारण किसी तरह की भगदड़ जैसे हालात नहीं बने।
-विनोद छावई, टीआई, करैरा