विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छतरपुर में पुलिस के सामने महिला सरपंच प्रत्याशी का नामांकन फार्म छीनकर भागे दबंग, लिपिक को कुचलने की कोशिश

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:53 PM (IST)

छतरपुर की ग्राम पंचायत सीलोन में सरपंच पद के उपचुनाव के लिए नामांकन जमा करने के दौरान एक महिला प्रत्याशी ...और पढ़ें

घूंघट में खड़ी उम्मीदवार दशोदा यादव और एक अन्य महिला के साथ मौजूद स्वजन। -वीडियो ग्रेब

घूंघट में खड़ी उम्मीदवार दशोदा यादव और एक अन्य महिला के साथ मौजूद स्वजन। -वीडियो ग्रेब

HighLights

  1. महिला सरपंच प्रत्याशी दशोदा यादव का नामांकन फार्म छीना गया।

  2. रिटर्निंग ऑफिसर के सामने से युवक नामांकन फार्म लेकर फरार हुए।

  3. कार रोकने पर लिपिक को कुचलने की कोशिश, एफआईआर के निर्देश।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। छतरपुर जिले में जनपद पंचायत राजनगर की ग्राम पंचायत सीलोन में सरपंच पद के उपचुनाव के लिए नामांकन जमा करने के अंतिम दिन मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला प्रत्याशी का नामांकन फार्म रिटर्निंग आफिसर के सामने से कुछ युवक छीनकर कार से फरार हो गए।

आरोप है कि फार्म लेकर भाग रही कार को रोकने का प्रयास करने पर जनपद पंचायत के लिपिक को वाहन से कुचलने की कोशिश भी की गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।

रिटर्निंग ऑफिसर के सामने से नामांकन पत्र लेकर भागे

जानकारी के अनुसार, भूसौर निवासी दशोदा यादव सरपंच पद के लिए नामांकन जमा करने जनपद पंचायत राजनगर पहुंची थीं। दोपहर बाद नामांकन पत्र जांच के लिए रिटर्निंग आफिसर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और नामांकन पत्र छीनकर बाहर निकल गए। इसके बाद वे सफेद रंग की कार में बैठकर भागने लगे।

कार रोकने की कोशिश, लिपिक भी पीछे दौड़ा

प्रत्याशी के पुत्र राजेश यादव के अनुसार, उनके स्वजन ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वाहन सवारों ने उन पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसी बीच जनपद पंचायत के लिपिक हरिनारायण कोरी युवकों के पीछे दौड़े, लेकिन आरोपित कार लेकर फरार हो गए। राजेश ने बताया कि उन्हें कुछ दिनों से धमकी मिल रहीं थी कि नामांकन दाखिल न करें।

दो दर्जन से ज्यादा लोग धरने पर बैठे

घटना के बाद जनपद पंचायत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्याशी के पक्ष से करीब दो दर्जन लोग शाम तक जनपद पंचायत में धरने पर बैठे रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। उनका कहना था कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नामांकन पत्र छीनकर ले जाना गंभीर मामला है।

यह भी पढ़ें- फर्जी अनुभव-सैलरी से CEO बनकर लिया लाखों का पैकेज, फाइनल सेटलमेंट में खुली पोल; ग्वालियर पुलिस ने कानपुर से जालसाज को दबोचा

दोबारा भरवाया नामांकन फार्म

राजनगर के रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार धीरज गौतम ने बताया कि महिला प्रत्याशी का नामांकन फार्म दोबारा भरवा दिया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं और संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस बहुप्रसारित वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटना में शामिल लोगों तथा वाहन की पहचान में जुटी है। गौरतलब है कि जनवरी में ग्राम पंचायत सीलोन की तत्कालीन सरपंच सोना रैकवार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। इसके बाद पिंकी रैकवार कार्यवाहक सरपंच के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं।