विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छतरपुर में मजदूरों से भरा वाहन बेकाबू होकर पलटा, 37 घायल; 16 की हालत गंभीर

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:12 PM (IST)

छतरपुर जिले में मजदूरों से भरा एक लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 37 मजदूर घायल हो गए और 16 ...और पढ़ें

घायल श्रमिकों को अस्पताल में कराया भर्ती।

घायल श्रमिकों को अस्पताल में कराया भर्ती।

HighLights

  1. छतरपुर में मजदूरों से भरा लोडर अनियंत्रित होकर पलटा।

  2. दुर्घटना में 37 मजदूर घायल, जिनमें 16 की हालत गंभीर।

  3. मूंगफली की फसल निकालने कटनी से आ रहे थे मजदूर।

डिजिटल डेस्क, छतरपुर। प्रदेश के छतरपुर जिले में गुरुवार शाम मजदूरों से भरा एक लोडर हादसे का शिकार हो गया। किशनगढ़ थाना क्षेत्र के देवरा गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में 37 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 16 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में 14 साल का एक किशोर भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मूंगफली की फसल निकालने आ रहे थे मजदूर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी मजदूर कटनी जिले के वादा इम्लाज गांव के निवासी हैं। वे छतरपुर में मूंगफली की फसल निकालने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान देवरा गांव के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गई। वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, जिनमें से कई लोग घायल हो गए।

बिजावर अस्पताल में प्राथमिक उपचार

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को राहत एवं बचाव कार्य के बाद बिजावर अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

ये हुए घायल

घायलों में शिवा कुमार आदिवासी (14), राधा आदिवासी (20), गयाबाई, सीताबाई, अमियाबाई, संजना, संगीता, पानबाई, नंदनी, लल्लेबाई, राजा, रतनलाल, शिवनंदन, सुरेश, गेंदा और कन्हैया सहित अन्य मजदूर शामिल हैं। शिवा कुमार को गंभीर चोटें आई हैं।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर में झांकी दिखाने के बहाने नरबलि की कोशिश, 14 साल के किशोर पर चाकू से 9 वार; मरा समझकर जंगल में छोड़ भागा पड़ोसी

चालक के नशे में होने की आशंका

हादसे के बाद चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस हादसे ने एक बार फिर खेती-किसानी के काम के लिए दूसरे जिलों में जाने वाले मजदूरों की सुरक्षित आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में मजदूरों को एक ही वाहन से ले जाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कितना जरूरी है, यह दुर्घटना एक बार फिर याद दिलाती है।