श्योपुर के गांव में घर की दहलीज तक पहुंचे चीते, टपरी में दो बछड़ों का किया शिकार; दंपती ने भागकर बचाई जान
श्योपुर के बमोरी गांव में दो चीतों ने एक पशुपालक के घर की टपरी में घुसकर दो बछड़ों का शिकार ...और पढ़ें

बछड़े का शिकार करता चीता। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
श्योपुर के बमोरी गांव में चीतों ने बछड़ों का शिकार किया।
पशुपालक दंपती ने चीतों के हमले से भागकर जान बचाई।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त और मुआवजे की मांग की।
डिजिटल डेस्क, श्योपुर। कूनो के खुले जंगल में घूम रहे चीतों की आवाजाही अब ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनने लगी है। रविवार सुबह बमोरी गांव में दो चीते पशुपालक के घर की टपरी में घुस गए और वहां बंधे दो बछड़ों का शिकार किया। घटना के समय पशुपालक पत्नी के साथ पास ही सो रहे थे। अचानक हुए हमले से दंपती घबरा गए और जान बचाने के लिए वहां से दूर भागे।
सुबह हुई इस घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों को अब खेतों में जाने और मवेशियों को खुले में बांधने में भी डर लग रहा है।
सो रहे दंपती के पास ही बंधे थे बछड़े
जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब पांच बजे पशुपालक सोमला वीर सिंह अपनी पत्नी के साथ टपरी में खटिया डालकर सो रहे थे। दोनों बछड़े पास ही बंधे हुए थे। इसी दौरान दो चीते वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। आहट सुनकर दंपती की नींद खुली तो सामने चीतों को देखकर उनके होश उड़ गए। दोनों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। बाद में ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में चीतों को बछड़ों का शिकार करते देखा।
ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
घटना के बाद बमोरी और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चीतों की लगातार आवाजाही से खेती-किसानी और पशुपालन प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने वन विभाग से गांवों और खेतों के आसपास गश्त बढ़ाने, चीतों की गतिविधियों पर चौबीस घंटे नजर रखने तथा प्रभावित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- कूनो में देसी चीतों का दबदबा, 60 में से 41 भारत में जन्मे; अब अगली पीढ़ी पर टिकी प्रोजेक्ट चीता की सफलता
कूनो में 53 चीते, 15 खुले जंगल में
कूनो नेशनल पार्क में 53 चीते हैं, जिनमें 40 का जन्म भारत में हुआ है। देश में चीतों की कुल संख्या 59 बताई गई है। गांधी सागर अभयारण्य में चार और वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीते हैं। कूनो के खुले जंगल में फिलहाल 15 चीते विचरण कर रहे हैं।
मुख्य वन्यजीव अधिकारी उत्तम कुमार शर्मा ने कहा कि चीतों द्वारा पशुओं के शिकार पर मुआवजा का प्रावधान है। चीतों की निगरानी को और बढ़ाया जाएगा।
