अग्निवीर बनने की चाह में बदला नाम-पता, बनवा ली फर्जी मार्कशीट और आधार; ग्वालियर में यूपी के 13 अभ्यर्थी पकड़े
ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती के दौरान 13 युवकों का फर्जीवाड़ा सामने आया, जिन्होंने अधिक उम्र होने के कारण फर्जी मार्कशीट ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती में 13 युवकों का फर्जीवाड़ा उजागर।
अधिक उम्र के कारण फर्जी मार्कशीट, आधार कार्ड बनवाए थे।
बायोमेट्रिक जांच में धोखाधड़ी पकड़ी गई, होंगे ब्लैकलिस्ट।
अमित मिश्रा, ग्वालियर। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में शामिल होने के लिए 22 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके 13 युवाओं ने फर्जीवाड़े का रास्ता चुना। उन्होंने फर्जी मार्कशीट और आधार कार्ड तैयार करा लिए। इनमें अपनी जन्मतिथि और पता ही नहीं, नाम भी बदल लिया।
इनके आधार पर आवेदन कर भर्ती में शामिल होने के लिए ग्वालियर पहुंच गए, लेकिन उनका फर्जीवाड़ा सामने आ गया। फर्जीवाड़ा करने वाले ये 13 अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के बताए गए हैं। इनमें पांच आगरा के रहने वाले हैं।
फिंगरप्रिंट स्कैन होते ही खुला राज
ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक परीक्षा के दौरान जब अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक परीक्षण किया गया और उनके फिंगरप्रिंट्स को सिस्टम में स्कैन किया गया, तो पूर्व का डाटा मिसमैच हुआ। उनके द्वारा जमा की गई मार्कशीट ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान में फर्जी पाई गईं।
सेना के अधिकारियों ने भर्ती स्थल पर इनसे पूछताछ की, तो बोले- ओवरएज हो गए थे, इसलिए भर्ती में शामिल होने के लिए फर्जीवाड़े का रास्ता चुना। चूंकि ये पूर्व में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए थे, इसलिए इनके नाम व अन्य रिकॉर्ड पूर्व से ही सेना की वेबसाइट पर हैं।
ब्लैकलिस्ट होंगे ये अभ्यर्थी
ग्वालियर में सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि फर्जीवाड़ा करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऐसे अभ्यर्थियों के फर्जी दस्तावेज जब्त कर उनके फिंगरप्रिंट रिकार्ड सुरक्षित रख लिए गए हैं। भारतीय सेना की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर इनके नाम ब्लैकलिस्ट में डाले जाएंगे, ताकि वे कभी किसी भी सैन्य भर्ती प्रक्रिया में शामिल न हो सकें।
