कर्नाटक में बंधक बनाए गए मध्य प्रदेश के 21 श्रमिक, बिना मजदूरी दिए काम कराने का आरोप
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के 21 श्रमिकों और तीन बच्चों को कर्नाटक में बंधक बनाकर रखा गया था, जहां ठेकेदार ने उनसे दो महीने तक बिना मजदूरी दिए काम कराया।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)
HighLights
पन्ना के 21 श्रमिक कर्नाटक में बंधक बनाए गए।
ठेकेदार ने दो माह बिना मजदूरी काम कराया।
प्रशासन ने सभी श्रमिकों को मुक्त कराया, मजदूरी मिली।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के 21 श्रमिकों और तीन बच्चों को कर्नाटक में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। श्रमिकों के स्वजन ने ठेकेदार पर दो महीने से बिना मजदूरी दिए काम कराने का आरोप लगाया है।
इंटरनेट मीडिया पर पीड़ितों का वीडियो प्रसारित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। दरअसल, शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गजनंदा और सलैया फेरन सिंह के इन श्रमिकों को करीब दो महीने पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद में काम दिलाने की बात कहकर ले जाया गया था।
वहां से सभी को कर्नाटक के विजयपुर जिले की इंडी तहसील के पास गन्ना कटाई के काम में लगा दिया गया। स्वजन के मुताबिक, श्रमिकों से प्रतिदिन 14 से 15 घंटे काम कराया जा रहा है। परेशान श्रमिकों ने मदद की गुहार लगाते हुए वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया।
एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। फिलहाल, सभी श्रमिकों को मुक्त करा लिया गया है। शाहनगर थाना प्रभारी रवि जादौन ने बताया कि संबंधित ठेकेदार बकाया मजदूरी देकर उन्हें ट्रेन से रवाना करा रहा है।