विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उज्जैन में भीड़ रोकने के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया, तीन मंदिरों पर भी होगी कार्रवाई

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:30 PM (IST)

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत रेलवे ने माधव नगर स्टेशन पर 15 हजार वर्गफीट जमीन से अतिक्रमण हटाया। इस जगह पर श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा।

उज्जैन रेलवे का एक्शन (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

उज्जैन रेलवे का एक्शन (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. रेलवे ने उज्जैन में 15 हजार वर्गफीट अतिक्रमण हटाया।

  2. सिंहस्थ 2028 के लिए होल्डिंग एरिया विकसित होगा।

  3. तीन मंदिरों को हटाने के लिए भी नोटिस जारी।

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के लिए सुविधाएं जुटाने के क्रम में रेलवे ने माधव नगर स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार तड़के शुरू की गई कार्रवाई में प्लेटफार्म नंबर आठ के पास रेलवे की जमीन पर बनी सात मजार, एक मकबरा सहित कई अन्य निर्माण ढहाए गए।

सात घंटे चली कार्रवाई में करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। इस पर सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा।

रेलवे ने इसी परिसर में स्थित तीन मंदिरों को हटाने के लिए भी नोटिस जारी किए हैं। सिंहस्थ के लिए सुविधाओं के विस्तार के लिए शहर में सड़क चौड़ीकरण और अन्य विकास कार्यों के लिए अब तक कई मंदिरों सहित करीब 80 से अधिक धर्मस्थलों को हटाया गया है। सहयोग करते हुए कई धर्मस्थलों के प्रबंधकों ने सहमति भी दी।

कंठाल से गोपाल मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण के लिए हनुमान और गणेश मंदिरों को हटाया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) निरीक्षक नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ से स्थगन रद होने के बाद अतिक्रमण हटाया गया।

नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर आठ के पास जिस स्थान से मजार हटाई गई है, उससे कुछ दूरी पर एक मंदिर स्थित है। इसके अलावा माल गोदाम की ओर व मुख्य स्टेशन परिसर में भी एक-एक मंदिर है। इन तीनों मंदिरों को हटाने के संबंध में प्रबंधन को नोटिस जारी किए गए हैं। उनसे चर्चा भी हो चुकी है। मंदिरों को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने पर सहमति बनी है। रेलवे जल्द कार्रवाई करेगा।

क्या होता है होल्डिंग एरिया?

होल्डिंग एरिया ऐसा अस्थायी ठहराव स्थल होता है, जहां भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए रोका जाता है। इससे रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर एक साथ भीड़ को एकत्र होने से रोका जा सकता है। यहां श्रद्धालुओं को बैठने, पेयजल, शौचालय और टिकट काउंटर जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।