विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश: उज्जैन के खड़े हनुमान की मूर्ति की दिल्ली से आई टीम ने की तकनीकी जांच

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:17 AM (IST)

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के लिए मार्ग चौड़ीकरण हेतु खड़े हनुमान मंदिर की मूर्ति का विस्थापन प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. सिंहस्थ-2028 मार्ग चौड़ीकरण में हनुमान मूर्ति विस्थापन चुनौती।

  2. दिल्ली से आई टीम ने मूर्ति की तकनीकी जांच की।

  3. सुरक्षित स्थानांतरण के लिए विशेषज्ञ समाधान तलाश रहे।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के लिए कंठाल से गोपाल मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण की राह में खड़े हनुमान मंदिर की मूर्ति का विस्थापन प्रशासन के लिए पहेली बना हुआ है। मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए 79 दिन बीत चुके हैं, लेकिन करीब आठ फीट ऊंची मूर्ति मूल स्थान पर ही है।

इसे बिना नुकसान दूसरी जगह स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के लिए रविवार सुबह दिल्ली से आई तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने जांच की। हालांकि यह साफ नहीं हो सका है कि यह टीम किस संस्थान की है। इस बारे में प्रशासन की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। टीम ने मूर्ति के आसपास उपकरण लगाकर परीक्षण किए।

मूर्ति के सुरक्षित विस्थापन के लिए इंदौर और भोपाल की टीमों के बाद अब दिल्ली के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है, लेकिन अभी तक अंतिम तकनीकी समाधान सामने नहीं आया है।उल्लेखनीय है कि कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 450 मीटर लंबे मार्ग को नौ मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर चौड़ा किया जाना है।

इसकी जद में 172 मकान-दुकान और करीब 10 धार्मिक स्थल आए हैं। खड़े हनुमान मंदिर हटाने की कार्रवाई 30 अगस्त को शुरू हुई थी। विरोध के चलते पहले दिन प्रक्रिया रोकनी पड़ी। एक सितंबर को प्रशासन ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। करीब 16 घंटे चली कार्रवाई में मंदिर का शिखर और ऊपरी हिस्सा हटाया गया।

इसके बाद चार सितंबर को मंदिर का मुख्य ढांचा भी तोड़ दिया गया। हालांकि, मूर्ति को नहीं हटाया जा सका। प्रशासन की योजना इसे छत्री चौक क्षेत्र में तैयार किए जा रहे नए मंदिर में स्थापित करने की बताई गई थी।

तीन चरणों में तकनीकी जांच-मूर्ति की गहराई और आधार की संरचना समझने के लिए आठ सितंबर के आसपास इंदौर के विशेषज्ञों से तकनीकी परीक्षण कराया गया। इसके बाद 29 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे भोपाल से आई टीम ने एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग की मौजूदगी में इलेक्ट्रानिक मशीनों से मूर्ति और उसके बेस (नींव) की स्कैनिंग की।

अब 22 नवंबर को दिल्ली से पहुंची टीम ने दोबारा परीक्षण किया। वीडियो फुटेज में मंदिर के भीतर दो व्यक्ति हरे रंग के उपकरण और टैबलेट की मदद से जांच करते दिखाई दे रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।