विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्विषा मौत केस: गिरिबाला के आवेदनों पर कोर्ट में मंगलवार को अहम सुनवाई, खुल सकते हैं कई नए राज

Published: Sun, 28 Jun 2026 11:15 PM (IST)

एक्टर और मॉडल त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार को कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। इस दौरान ...और पढ़ें

कोर्ट में पेशी के दौरान गिरिबाला सिंह (फाइल फोटो)

कोर्ट में पेशी के दौरान गिरिबाला सिंह (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मंगलवार को त्विषा शर्मा मौत मामले में महत्वपूर्ण सुनवाई।

  2. गिरिबाला सिंह के आवेदनों पर कोर्ट सुनाएगा फैसला।

  3. सीबीआई जांच को मिल सकती है नई दिशा, नए तथ्य।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। एक्टर और मॉडल त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बहुचर्चित मामले में मंगलवार को अदालत में नए सिरे से सुनवाई होगी। इस दौरान आरोपित त्विषा की सास सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह द्वारा दायर लंबित आवेदनों पर न्यायालय निर्णय सुनाएगा।

पेश हो सकते हैं नए साक्ष्य

दरअसल, पिछली सुनवाई के दौरान एम्स प्रबंधन ने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। अदालत ने यह अनुरोध स्वीकार करते हुए 30 जून तक का समय दिया था। वहीं, सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने अपने आवेदनों में त्विषा के स्वजनों की कॉल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर), बैंक खातों के विवरण तथा घटना के समय कार से बरामद चाबी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। माना जा रहा है कि ये साक्ष्य सामने आने पर मामले की जांच को नई दिशा मिल सकती है।

पीएम रिपोर्ट को लेकर जवाब तलब

दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता अंकुर पांडे ने भी अदालत में आवेदन प्रस्तुत कर त्विषा की पहली और दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में न्यायालय पहले ही एम्स भोपाल और एम्स दिल्ली को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर चुका है। एम्स द्वारा अतिरिक्त समय मांगे जाने के बाद इस आवेदन पर भी सुनवाई के लिए 30 जून की तिथि निर्धारित की गई है।

यह भी पढ़ें- त्विषा की सास गिरिबाला के घर चोरों ने बोला धावा, जेवर व अहम दस्तावेज चुराए, पुलिस को देखा तो छोड़कर भागे

सीबीआई कर रही जांच

उल्लेखनीय है कि भोपाल के बागमुगालिया स्थित ससुराल में रहने वाली त्विषा शर्मा की 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद उन्हें तत्काल एम्स भोपाल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि मंगलवार की सुनवाई इस हाई-प्रोफाइल मामले में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे पिछले कुछ समय से धीमी पड़ी जांच को गति मिलने के साथ ही कई नए तथ्य सामने आने की संभावना है।