ट्विशा की मौत में कितने ट्विस्ट? लिगेचर रिपोर्ट में सामने आई चौंकाने वाली बात, भगोड़े पति के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
मंगलवार को सामने आई लिगेचर रिपोर्ट में ट्विशा की मौत को खुदकुशी बताया है, जबकि परिवार उसकी हत्या का आरोप ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के एक हाईप्रोफाइल परिवार की नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस संवेदनशील मामले में अब फोरेंसिक जांच, कानूनी दाव-पेंच और सामाजिक दबाव के बीच एक त्रिकोणीय संघर्ष खड़ा हो गया। एक तरफ जहां पुलिस की शुरुआती जांच रिपोर्ट ट्विशा की मौत को आत्महत्या करार दे रही है। बाद में पीएम रिपोर्ट में मौत से पहले चोट के निशान पाए गए और मृतका के स्वजन और पूर्व सैन्य अधिकारी इसे एक सोची-समझी साजिश (हत्या) मानकर निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़ गए हैं। इस बीच, पूर्व जज (ससुराल पक्ष) और मृतका के मायके वालों के बीच चल रही जुबानी जंग ने इस पूरे केस को बेहद पेचीदा बना दिया है।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब पुलिस को ट्विशा की लिगेचर रिपोर्ट (फंदे की जांच) मंगलवार को हासिल हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्विशा की मौत उसी बेल्ट से दम घुटने के कारण हुई थी, जिसका इस्तेमाल फंदे के रूप में किया गया था। चौंकाने वाली बात यह है कि पोस्टमार्टम के समय यह बेल्ट शव के साथ शामिल नहीं था। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद इस बेल्ट को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा था। अब मंगलवार को आई लिगेचर रिपोर्ट यह कहती है कि ट्विशा ने बेल्ट के फंदे से फांसी लगाई थी।
आरोपित पति के खिलाफ लुकआउट नोटिस
उधर, ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य आरोपित उसके पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। पुलिस ने यह कदम इसलिए उठाया है, ताकि वह विदेश न भाग सके। पुलिस की छह टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें- ‘क्रिमिनल लॉ एक्सपर्ट’ से फरार आरोपित तक... ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह की अनसुनी कहानी
बता दें कि इस मामले में आरोपित रिटायर्ड जज सास को अग्रिम जमानत मिल चुकी है। समर्थ की ओर से भी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई थी। सोमवार को सुनवाई के बाद कोर्ट ने समर्थ को जमानत देने से इंकार कर दिया। उधर, पुलिस ने समर्थ की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। उसका पासपोर्ट भी निरस्त करने की कार्रवाई जारी है।
