मध्य प्रदेश: त्विषा के पति समर्थ ने भोपाल जेल में बताया जान का खतरा, बढ़ाई गई सुरक्षा
अभिनेत्री त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने भोपाल जेल में अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने विशेष सुरक्षा वाले सेल में भेजने की मांग की है, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें चार बंदी प्रहरियों की सुरक्षा दी है।

समर्थ सिंह को जेल में जान का खतरा (File Photo)
HighLights
समर्थ सिंह ने भोपाल जेल में जान का खतरा बताया।
उसने विशेष सुरक्षा वाले सेल में भेजने की मांग की।
जेल प्रशासन ने चार बंदी प्रहरियों की सुरक्षा दी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। अभिनेत्री व मॉडल त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जेल में बंद उसके पति समर्थ सिंह ने जेल में जान को खतरा बताया है। उसकी मांग है कि उसे विशेष सुरक्षा वाले सेल में भेज दिया जाए।
जेल प्रशासन ने उसे चार बंदी प्रहरियों का सुरक्षा घेरा मुहैया कराया है। समर्थ सिंह दो जून से ही भोपाल केंद्रीय जेल में बंद है। दरअसल, समर्थ सिंह के अधिवक्ता ने न्यायालय में आवेदन देकर कहा कि मुलाकात के दौरान जानकारी मिली कि उनके मुवक्किल समर्थ व पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह को जेल के सामान्य बैरक में भेज दिया गया है।
आरोपियों पर हमले की आशंका जताते हुए उन्हें दोबारा सुरक्षा सेल में रखने की मांग की गई। न्यायालय ने केंद्रीय जेल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी थी। जेलर ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि गिरिबाला सिंह ने इस तरह की कोई शिकायत नहीं की है। वहीं, समर्थ सिंह को जेल के 'ब' खंड में रखा गया है। उसकी सुरक्षा के लिए चार बंदी प्रहरियों को तैनात किया गया है। अगली सुनवाई में न्यायालय अपना फैसला सुनाएगा।