यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में मिले डेंगू के 10 नए मरीज, मरीजों का आंकड़ा 800 के पार
शहर में 430 घरों में लार्वा सर्वे किया गया। इसमें से 14 घरों में डेंगू के मरीज मिले। इंदौर जिले ...और पढ़ें

इंदौर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को डेंगू के 10 नए मरीज मिले। इनमें छह बच्चे शामिल हैं। शहर में 430 घरों में लार्वा सर्वे किया गया। इंदौर में अब तक मिले डेंगू मरीजों में 491 पुरुष हैं। 191 बच्चे भी अब तक डेंगू के चपेट में आ चुके हैं। इसके साथ ही इंदौर में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 804 तक पहुंच गया। इंदौर में अब तक मिले डेंगू मरीजों का यह सर्वाधिक आंकड़ा है। जिला मलेरिया विभाग के मुताबिक इंदौर में अब डेंगू के 15 सक्रिय मामले हैं। इसमें 11 मरीज फिलहाल अस्पतालों में भर्ती हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी के मुताबिक डेंगू के मरीजों की संख्या में अब धीरे-धीरे कमी दिखाई दे रही है। शनिवार को शहर में 430 घरों में लार्वा सर्वे किया गया। इसमें से 14 घरों में डेंगू के मरीज मिले। इंदौर जिले में अब तक 53 हजार घरों का सर्वे किया गया है। इसमें 12085 घरों में डेंगू का लार्वा मिला है।
इंदौर में अब तक मिले डेंगू के मरीज
जून-दो
जुलाई-नौ
अगस्त-52
सितंबर-384
अक्टूबर- 357
बच्चों में एंटीबाडी जांचने दीपावली बाद होगा सीरो सर्वे
गौरतलब है कि अगस्त में इंदौर में सर्वे हुआ था। इसके तहत 25 वार्डों को चुनकर उनमें रहने वाले बच्चों के रेंडम सैंपल लिए गए थे। दीपावली के बाद एक बार फिर शहर में बच्चों में एंटीबाडी की जांच के लिए सीरो सर्वे होगा। पिछली बार हुए सीरो सर्वे में जिन बच्चों में एंटीबाडी मिली थी उनमें से 30 फीसद बच्चों के सैंपल इस बार भी लिए जाएंगे। इससे यह पता चल सकेगा कि बच्चों में कितने समय तक एंटीबाडी रही है।
