विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FIR के बाद जहांगीराबाद के निलंबित टीआई राजन सिंह अहिरवार का वीडियो सामने आया, बोले- 'सत्य सूर्य की तरह, बादल एक दिन छंटेंगे'

Published: Thu, 24 Sep 2026 02:56 PM (IST)

निलंबित टीआई राजन सिंह अहिरवार ने एफआईआर के बाद एक वीडियो संदेश जारी कर खुद पर लगे आरोपों को खारिज ...और पढ़ें

निलंबित टीआई राजन सिंह का वीडियो सामने आया।

निलंबित टीआई राजन सिंह का वीडियो सामने आया।

HighLights

  1. एफआईआर के बाद निलंबित टीआई राजन सिंह अहिरवार का वीडियो संदेश।

  2. अहिरवार ने खुद पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह नकारा।

  3. एक महिला अधिकारी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जहांगीराबाद थाने के निलंबित टीआई राजन सिंह अहिरवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद उनका एक वीडियो संदेश सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल इस वीडियो में अहिरवार ने भावुक अंदाज में अपना पक्ष रखते हुए आरोपों को खारिज किया और मामले से जुड़े कई दावे किए। उन्होंने कहा कि वह बहुत कुछ कहना चाहते हैं, लेकिन फिलहाल कह नहीं सकते। उन्हें भरोसा है कि सच जल्द सामने आएगा। उनके शब्दों में, "सत्य हमेशा सूर्य के समान होता है और बादल कितने भी घने हों, एक दिन छंटेंगे।"

'न किसी अपराध में फंसा, न गलत काम के लिए हुआ सस्पेंड'

वीडियो संदेश में राजन सिंह अहिरवार ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उन्हें किसी गलत काम या आपराधिक गतिविधि के कारण निलंबित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और उनके साथी कर्मचारी पूरे मामले की सच्चाई जानते हैं और इस मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े हैं।

अहिरवार ने विश्वास जताया कि तथ्यों और साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच होने पर वास्तविकता सामने आ जाएगी।

महिला अधिकारी की भूमिका पर उठाए सवाल

पूर्व टीआई ने अपने वीडियो में एक महिला अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि संबंधित महिला अधिकारी को मामले की जांच और उससे जुड़ी प्रक्रिया से पूरी तरह अलग रखा जाए।

अहिरवार का आरोप है कि उक्त अधिकारी अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को अनावश्यक मानसिक तनाव देती हैं, जिससे उनके लिए काम करना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जहांगीराबाद में गुंडागर्दी और सट्टे पर कार्रवाई का किया जिक्र

राजन सिंह ने जहांगीराबाद में अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर स्नेह और सहयोग मिला था। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में गुंडागर्दी, जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की गई थी। उनका कहना है कि इसी वजह से वह लगातार असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहे।

यह भी पढ़ें- MP में 27% OBC आरक्षण का मुद्दा फिर गरमाया, राहुल गांधी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र; बोले- 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवा

'पूरा घटनाक्रम आपके सामने, खुद आकलन करें'

वीडियो के अंत में अहिरवार ने पूरे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए लोगों से खुद आकलन करने की अपील की। उन्होंने कहा, "पूरा घटनाक्रम आपके सामने है, आप खुद इसका सही आकलन करें।"

एफआईआर दर्ज होने के बाद सामने आए इस वीडियो को लेकर पुलिस विभाग में चर्चा है। अब मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।