यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आज से शुरू, भोपाल से अहमदाबाद व आगरा तक इंडिगो की सीधी उड़ान, जानिए क्या है शेड्यूल
इंडिगो ने अहमदाबाद एवं आगरा उड़ान का शेड्यूल तीसरी बार जारी किया है। पहले दो बार बुकिंग प्रारंभ की गई ...और पढ़ें

भोपाल, जागरण संवाददाता। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से दो उड़ानें आज से पुन: शुरू होने जा रही हैं। इंडिगो एयरलाइंस भोपाल से अहमदाबाद एवं आगरा तक सीधी उड़ान 10 अक्टूबर से शुरू कर रही है। ये उड़ानें शुरू होने के साथ ही भोपाल कोरोना संकट के पहले की स्थिति में आ जाएगा। इंडिगो ने अहमदाबाद एवं आगरा उड़ान का शेड्यूल तीसरी बार जारी किया है। पहले दो बार बुकिंग प्रारंभ की गई, लेकिन उड़ानें शुरू नहीं हो सकीं। इंडिगो ने एयरपोर्ट प्रबंधन को 10 अक्टूबर से उड़ान सेवा शुरू करने की जानकारी दी है। अब कुल 15 जोड़ी उड़ानें हो जाएंगी।
कोरोना की दूसरी लहर से पहले भी इतनी ही उड़ानों का संचालन हो रहा था। उड़ान शुरू होने से भोपाल का गुजरात कनेक्शन फिर से जुड़ जाएगा। इन दोनों उड़ानों का संचालन सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को होगा। रविवार का शेड्यूल अलग होगा। कोरोना काल के समय अहमदाबाद उड़ान बंद कर दी गई थी।
उड़ान संख्या 6-ई 7309/ 7311
(अहमदाबाद-भोपाल का शेड्यूल सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार के लिए प्रभावी)
अहमदाबाद प्रस्थान सुबह 11.50 बजे
भोपाल आगमन दोपहर 01.20 बजे
भोपाल प्रस्थान शाम 05.35 बजे
अहमदाबाद आगमन शाम 07.10 बजे
उड़ान संख्या 6-ई 7817/ 7819
(भोपाल-आगरा का शेड्यूल सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार के लिए प्रभावी)
भोपाल प्रस्थान दोपहर 01.45 बजे
आगरा आगमन दोपहर 03.15 बजे
आगरा प्रस्थान दोपहर 03.35 बजे
भोपाल आगमन शाम 05.00 बजे
एयर इंडिया की पुणे उड़ान कुछ समय के लिए बंद होगी
उधर, 16 अक्टूबर एवं इसके बाद की तारीखों में बुकिंग बंद कर दी गई है। पुणे एयरपोर्ट पर तकनीकी कार्य शुरू होने के कारण भोपाल से पुणे के बीच संचालित एयर इंडिया की उड़ान का संचालन कुछ समय के लिए बंद रहेगा। पुणे एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन 29 अक्टूबर से शुरू होगा। भोपाल-पुणे उड़ान संख्या एआइ 482 अब नवंबर के दूसरे सप्ताह में फिर से शुरू होने की संभावना है।
