सीहोर में शिवराज का देसी अंदाज... पुराने कार्यकर्ता की दुकान पर पहुंच खुद बनाई चाय और उसे भी पिलाई, ताजा की जनसंघ के दिनों की यादें
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर के रेहटी में भाजपा कार्यकर्ता विष्णु गुप्ता की चाय की दुकान पर खुद चाय बनाई और उन्हें पिलाई। इस दौरान उन्होंने जनसंघ के दिनों की पुरानी यादें ताजा कीं, जो उनके सहज और आत्मीय अंदाज को दर्शाता है।

रेहटी में भाजपा कार्यकर्ता विष्णु गुप्ता की दुकान पर चाय बनाते शिवराज सिंह चौहान। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
केंद्रीय मंत्री शिवराज ने रेहटी में खुद चाय बनाई।
भाजपा कार्यकर्ता विष्णु गुप्ता को अपने हाथों से पिलाई।
जनसंघ के पुराने दिनों की आत्मीय यादें ताजा कीं।
डिजिटल डेस्क, सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का सीहोर जिले के रेहटी में एक बार फिर आत्मीयता भरा अंदाज देखने को मिला। यहां वे भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता विष्णु गुप्ता की चाय की दुकान पर पहुंचे। खास बात यह रही कि शिवराज ने दुकान पर खुद चाय बनाई और अपने हाथों से विष्णु भैया को भी पिलाई। इस दौरान दोनों के बीच पुरानी यादों और संगठन के दिनों की चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री शिवराज को अचानक अपने बीच पाकर विष्णु गुप्ता के साथ-साथ आसपास के दुकानदार व अन्य लोग भी काफी खुश नजर आए।
जनसंघ के दौर से पार्टी के लिए समर्पित विष्णु भैया
शिवराज सिंह चौहान ने इंटरनेट मीडिया पर इस मुलाकात का वीडियो साझा किया। उन्होंने विष्णु गुप्ता को विष्णु भैया कहकर संबोधित करते हुए बताया कि वे जनसंघ के समय से ही पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करते आ रहे हैं। ऐसे पुराने कार्यकर्ता के साथ बैठकर चाय पीना, पुरानी बातें याद करना और आत्मीयता साझा करना उनके लिए सुखद अनुभव रहा।
राजनीति से परे दिखा अपनापन
रेहटी में चाय की दुकान पर हुई इस मुलाकात में केंद्रीय मंत्री और कार्यकर्ता के बीच सहजता और अपनापन नजर आया। शिवराज का खुद चाय बनाना और कार्यकर्ता को अपने हाथों से पिलाना चर्चा का विषय बन गया। उनकी इस छोटी-सी पहल ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान और रिश्तों की अहमियत को भी उजागर किया।