विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवपुरी में तेज रफ्तार कार ने सड़क पर काम कर रहे दंपती को कुचला, दोनों की मौत; 3 बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:44 PM (GMT+05:30)

शिवपुरी में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर सफाई कर रहे दंपती को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. तेज रफ्तार कार ने शिवपुरी में दंपती को कुचला।

  2. सड़क सफाई कर रहे पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हुई।

  3. चार साल का बेटा और दो बड़ी बेटियां हुए अनाथ।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। प्रदेश के शिवपुरी जिले में तेज रफ्तार कार ने सड़क पर सफाई का काम कर रहे एक दंपती को कुचल दिया। दिनारा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में ऋषभ ढाबे के पास गुरुवार दोपहर हुए इस दर्दनाक हादसे में पहले महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दंपती की मौत से उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

हाईवे की सफाई कर रहे थे मजदूर

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सिरसौद निवासी बलबीर लोधी हाईवे मेंटेनेंस का काम करते हैं। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे वह सुपरवाइजर रमाकांत यादव और करीब 10 अन्य मजदूरों के साथ सड़क किनारे काम कर रहे थे। इसी दौरान रामश्री वंशकार (34) और उनके पति धर्मेंद्र वंशकार सड़क पर झाड़ू लगाकर निर्माण कार्य के लिए रास्ता साफ कर रहे थे। उनके साथ सीता देवी भी मौजूद थीं।

इसी बीच दिनारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार (MP-04 ZT 2013) के चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती और सीता देवी इसकी चपेट में आ गए।

महिला की मौके पर मौत 

टक्कर इतनी भीषण थी कि रामश्री वंशकार की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मेंद्र के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए, जबकि सीता देवी भी घायल हो गईं। दुर्घटना के दौरान वहां खड़ी कंपनी की महिंद्रा कैंपर और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

घायलों को तत्काल झांसी ले जाया गया। धर्मेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन रात में उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल सीता देवी का इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें- अग्निवीर बनने की चाह में बदला नाम-पता, बनवा ली फर्जी मार्कशीट और आधार; ग्वालियर में यूपी के 13 अभ्यर्थी पकड़े

तीन बच्चे हुए अनाथ

रामश्री और धर्मेंद्र अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें चार साल का बेटा और 10 व 13 साल की दो बेटियां शामिल हैं। माता-पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिन बच्चों की परवरिश और भविष्य की जिम्मेदारी दंपती संभाल रहे थे, वे अब उनके बिना रह गए हैं।

 

पुलिस ने बलबीर लोधी की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। करैरा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद रामश्री का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।