2 लाख की उधारी चुकाने से बचने के लिए पूरे परिवार का कत्ल, सीहोर ट्रिपल मर्डर का खुलासा; दो गिरफ्तार
सीहोर के बुधनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या का पुलिस ने 36 घंटे में पर्दाफाश ...और पढ़ें

सीहोर पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
सीहोर के बुधनी में तिहरे हत्याकांड का खुलासा।
घर में घुसकर कुल्हाड़ी से की थी दंपती व बेटे की हत्या।
पुलिस ने 36 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
डिजिटल डेस्क, सीहोर। राजधानी भोपाल से सटे सीहोर जिले के बुधनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या का पुलिस ने महज 36 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब दो लाख रुपये की उधारी और ब्याज चुकाने से बचने के लिए दो आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
घटना बुधनी कस्बे के वार्ड-12 स्थित कोरी मोहल्ले की है। 18 नवंबर की सुबह करीब 7:55 बजे पड़ोस में रहने वाले हेमराज मेहरा घर के बाहर मंजन कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पड़ोसी राकेश मीणा के घर से बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पास में रहने वाली नेहा कुशवाह के कहने पर हेमराज घर के अंदर पहुंचे तो गैलरी में खून फैला हुआ था। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। राकेश मीणा (47), उनकी पत्नी राधा (45) और बेटे अश्विन (18) के शव घर में पड़े थे। तीनों के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए थे। हेमराज ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
कर्ज चुकाने से बचने बनाया खतरनाक प्लान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आर्थिक लेनदेन सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी जगदीश भिलाला ने राकेश मीणा से करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे। इस रकम को ब्याज सहित लौटाना था। कर्ज की शर्तों के तहत जब तक पूरी रकम नहीं चुकाई जाती, तब तक जगदीश की फसल में से भी राकेश का हिस्सा तय था।
इसी कर्ज और ब्याज के बोझ से बचने के लिए जगदीश ने अपने साथी अनिल भिलाला के साथ मिलकर राकेश और उसके परिवार को खत्म करने की साजिश रची। आरोपी ने अनिल को भी इस वारदात में शामिल होने के लिए पैसों का लालच दिया।
बहाने से खुलवाया दरवाजा, फिर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच राकेश मीणा के घर पहुंचे। उन्होंने बातचीत करने के बहाने दरवाजा खुलवाया और घर में प्रवेश कर लिया। इसके बाद अपने साथ लाई कुल्हाड़ी से राकेश, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन के सिर पर एक के बाद एक वार किए। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद पुलिस को सबूत न मिलें, इसके लिए आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की। उन्होंने राकेश का मोबाइल फोन टॉयलेट में डालकर उस पर पानी डाल दिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
यह भी पढ़ें- सीहोर में दिल दहला देने वाली वारदात: घर में सो रहे दंपती और बेटे की नृशंस हत्या, सिर पर मिले गहरे जख्म
फॉरेंसिक और तकनीकी जांच से आरोपितों तक पहुंची पुलिस
तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा और थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं।
पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने जगदीश पिता अकलसिंह भिलाला (40), निवासी ग्राम यारनगर और अनिल पिता अमनसिंह भिलाला (20), निवासी ग्राम खांडाबड़, थाना बुधनी को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।