सिंधिया राजघराने की हजारों करोड़ की संपत्ति में हिस्सेदारी का अब एक और दावा, उलझता जा रहा विवाद
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी बुआओं के बीच संपत्ति बंटवारे के समझौते में नया मोड़ आ गया है।

सिंधिया राजघराने की हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति के बंटवारे पर विवाद (फाइल फोटो)
HighLights
सिंधिया संपत्ति बंटवारे के समझौते में नया दावा।
पद्मावती राजे की बेटियों ने हिस्सेदारी मांगी।
ग्वालियर अदालत में कैविएट दाखिल की गई।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। सिंधिया राजघराने की हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति के बंटवारे में अब नया पेंच फंस गया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी तीनों बुआ- ऊषा राजे राणा, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे द्वारा अदालत में प्रस्तुत बंटवारे के समझौते पर कानूनी मुहर लगती, उससे पहले ही संपत्ति में हिस्सेदारी के नए दावे ने वर्षों से चल रहे इस विवाद के पटाक्षेप की प्रक्रिया को और उलझा दिया है।
बुआ की बेटियों ने ठोका दावा
दरअसल, अब ज्योतिरादित्य की बड़ी बुआ स्वर्गीय पद्मावती राजे सिंधिया की दो बेटियों ने भी बंटवारे में अपनी ननिहाल की संपत्ति में हिस्सेदार बनाने का दावा प्रस्तुत कर दिया है।
इस दावे के लिए पद्मावती राजे की बेटी प्रतिमा देवी ने ग्वालियर की अदालत में कैविएट दाखिल की। उन्होंने कहा है कि संपत्ति में उनकी और उनकी बहन कनिका देवी को अधिकार और हिस्सेदारी पर भी विचार किया जाए। प्रस्तावित समझौते में उनका वैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहा है, इसलिए उनका पक्ष सुने बिना कोई अंतिम आदेश पारित नहीं किया जाए।
अदालत ने उनके आवेदन को रिकार्ड पर लेते हुए मामले की अगली सुनवाई 28 जुलाई निर्धारित की है। इसमें प्रतिमा देवी और उनकी बहन कनिका देवी भी मौजूद रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय पद्मावती राजे ग्वालियर के अंतिम महाराजा जीवाजीराव सिंधिया और राजमाता विजयाराजे सिंधिया की चार बेटियों और एक पुत्र में सबसे बड़ी संतान थीं। उनका विवाह त्रिपुरा के तत्कालीन शाही परिवार के महाराजा किरित बिक्रम किशोर माणिक्य देबबर्मा बहादुर से हुआ था। पद्मावती का निधन कम आयु में ही वर्ष 1965 में हो गया था।
विवाद में पक्षकार हैं दोनों बहनें-उल्लेखनीय है कि सिंधिया घराने की संपत्ति विवाद को लेकर 12 केस विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं, जिनमें से एक में प्रतिमा देवी और कनिका देवी भी अपनी मां पद्मावती राजे के कानूनी उत्तराधिकार के दावे के साथ पक्षकार हैं, लेकिन बंटवारे के समझौते में उनको भागदारी नहीं बनाया गया इसलिए उन्होंने इसे चुनौती दी है। बता दें कि प्रतिमा देवी का विवाह नेपाल के प्रसिद्ध राणा परिवार के डा. धवल शमशेर राणा से हुआ था ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।