मध्य प्रदेश: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के एसडीओ के घर लोकायुक्त का छापा, 3 करोड़ का सोना व डेढ़ किलो चांदी बरामद
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के एसडीओ संजीव शर्मा के आवास पर लोकायुक्त ने छापा मारा, जिसमें उनकी ज्ञात आय से 560% अधिक, लगभग 7.60 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ।

सतपुड़ा एसडीओ संजीव शर्मा के घर लोकायुक्त का छापा
HighLights
सतपुड़ा एसडीओ संजीव शर्मा के आवास पर लोकायुक्त का छापा।
7.60 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ।
3 करोड़ सोना, 26 लाख नकद, डेढ़ किलो चांदी मिली।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ एसडीओ संजीव शर्मा के शासकीय आवास और छिंदवाड़ा स्थित निजी निवास पर शनिवार सुबह लोकायुक्त की टीमों ने छापा मारा।
प्रारंभिक जांच और तलाशी अभियान में अब तक लगभग सात करोड़ 60 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला है, जो उनकी ज्ञात वैध आय से लगभग 560 प्रतिशत अधिक है। उनके पास से तीन करोड़ का सोना और 26 लाख रुपये नकद तथा डेढ़ किलो से ज्यादा चांदी मिली है।
लोकायुक्त को शिकायत मिली थी कि संजीव शर्मा ने अपनी सेवा अवधि के दौरान भ्रष्टाचार कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। नर्मदापुरम की विशेष अदालत से जारी सर्च वारंट पर जांच की गई। जांच में पचमढ़ी स्थित संजीव शर्मा के सरकारी आवास से मटकुली स्थित इकोटेल होटल एंड रिसार्ट के दस्तावेज मिले हैं। इसे 2016-17 में खरीदा गया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।
पचमढ़ी के सेरेनिटी द विला होटल के दस्तावेज भी मिले हैं। इसे 2014 में खरीदा गया था। इसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है। जमीन खरीदने से जुड़े 28 दस्तावेज भी मिले हैं। घर से कार व दो बाइक भी मिलीं, जिनके नंबर एक समान 3773 हैं।