विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरैना से आया था सागर में जहरीली शराब का फॉर्मूला, पीने के बाद बनाने वाले की ही सबसे पहले हुई मौत; जांच में चौंकाने वाला खुलासा

Published: Sat, 19 Sep 2026 11:32 PM (IST)

सागर में 36 लोगों की जान लेने वाली जहरीली शराब का फॉर्मूला मुरैना से आया था। जांच में खुलासा हुआ ...और पढ़ें

पुलिस कंट्रोल रूम में जहरीली शराब कांड की जानकारी देते एसपी अनुराग सुजानिया। (फोटो- जागरण)

पुलिस कंट्रोल रूम में जहरीली शराब कांड की जानकारी देते एसपी अनुराग सुजानिया। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. सागर में 36 मौतों वाली जहरीली शराब का मुरैना कनेक्शन।

  2. शराब बनाने वाले दिनेश शिवहरे की ही हुई पहली मौत।

  3. सहयोगी देवेंद्र जाटव की आंखें गईं, 52 आरोपित चिह्नित।

डिजिटल डेस्क, सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में 36 लोगों की जान लेने वाली जहरीली शराब का फॉर्मूला मुरैना जिले से आया था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बंडा के तातरवारा गांव में मुरैना के जिस व्यक्ति ने नकली शराब बनाई उसका पहला टेस्ट उसी ने किया। तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई।

उसका एक सहयोगी अंधा हो गया। उसके बाद भी जहरीली शराब फैक्ट्री के कर्ताधर्ताओं ने दुकानों तक पहुंच चुकी शराब को रुकवाने की कोई कोशिश नहीं की। नतीजतन, इस जहरीली शराब ने सागर में कहर ढहाया।

सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शनिवार को बताया कि आरोपित मुरैना के बानमोर थाना क्षेत्र के आदर्श कालोनी निवासी दिनेश शिवहरे ही नकली शराब का फॉर्मूला लेकर आया था। उसने सागर में करणी सेना के संभाग अध्यक्ष बताए जा रहे चंद्रभान सिंह उर्फ चंदू राजपूत से संपर्क किया और बंडा क्षेत्र में नकली शराब बनाने की योजना बनाई।

दिनेश और उसके सहयोगी देवेंद्र जाटव ने तीन सितंबर को नकली शराब बनाकर उसे टेस्ट किया। इसके बाद दोनों की तबीयत खराब हुई तो सागर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत अधिक बिगड़ने पर भेद खुलने के डर से बाहर दिखाने के नाम पर दिनेश की छुट्टी करा ली और उसे मुरैना रवाना किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।

आरोपितों ने शव दिनेश के घर पहुंचा दिया और घरवालों से कहा कि ह्दय गति रुक जाने के कारण उसकी मौत हो गई। इस बीच साथ शराब पीने वाले देवेंद्र जाटव की आंखों की रोशनी चली गई। अन्य आरोपितों को जानकारी लग गई थी कि दिनेश की मौत और देवेंद्र की आंखें जहरीली शराब से गई हैं, लेकिन तब तक जहरीली शराब दुकानों तक पहुंच चुकी थी।

यह भी पढ़ें- UP भागने की फिराक में था सागर शराब कांड का मुख्य आरोपित, जंगल में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा; पैर में लगी गोली

आरोपितों से हुई पूछताछ से मिली कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस दिनेश के गांव भी पहुंची। घर वालों ने हार्ट अटैक से उसकी मौत होना बताया। अब तक इस मामले में आरोपितों की संख्या 52 तक पहुंच गई है।

ग्वालियर में सामान जब्त, दिल्ली से भी जुड़े तार

पुलिस ने गिरोह से जुड़े आरोपितों की निशानदेही पर ग्वालियर से 11,050 खाली प्लास्टिक की बोतलें, शराब की बोतल बनाने वाली चार डाई मशीन, 250 प्लास्टिक बोतल बनाने के कैप्सूल, 900 तैयार बोतल और बोतल सील करने वाली मशीन जब्त की है। शराब बनाने में इस्तेमाल औद्योगिक स्पिरिट दिल्ली से सागर भेजे जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।