विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP भागने की फिराक में था सागर शराब कांड का मुख्य आरोपित, जंगल में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा; पैर में लगी गोली

Published: Fri, 11 Sep 2026 10:18 PM (IST)

सागर जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा को उत्तर प्रदेश भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ ...और पढ़ें

बंडा अस्पताल में आरोपित रवि लखेरा को ले जाती पुलिस।

बंडा अस्पताल में आरोपित रवि लखेरा को ले जाती पुलिस।

HighLights

  1. आरोपित पर पुलिस ने घोषित किया था 30000 रुपये इनाम।

  2. वह अपनी टीम के जरिए नकली शराब तैयार करवाता था।

  3. अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ा था आरोपित।

डिजिटल डेस्क, सागर। जिले के बंडा में जहरीली शराब कांड के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपित और 30 हजार रुपये के इनामी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश भागने की कोशिश में जुटे लखेरा को बरायठा थाना क्षेत्र में घेर लिया गया। उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई गोलीबारी में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए बंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक रवि लखेरा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा का रहने वाला है और लंबे समय से ललितपुर की गंगापुरम कॉलोनी में रह रहा था। वह अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत अन्य स्थानों पर उसके खिलाफ करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश आबकारी अधिनियम से संबंधित हैं।

पुलिस पर तीन फायर किए, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि लखेरा बरायठा थाना क्षेत्र में हनुमान टोंग मंदिर के पास जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर रवि ने टीम पर तीन गोलियां चलाईं।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। मौके से पुलिस ने 12 बोर का देशी कट्टा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई के दौरान उसके दो साथी मौके से भाग निकलने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है।

नकली शराब तैयार कराने और सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा था

जांच में पुलिस को पता चला है कि रवि को नकली शराब तैयार करने और इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जानकारी थी। आरोप है कि वह अपनी टीम के जरिए शराब तैयार करवाता था और इसके लिए जरूरी सामग्री जुटाकर नेटवर्क तक पहुंचाता था।

पुलिस जांच में उसका लाइसेंसी शराब ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत सिंद्र से संपर्क भी सामने आया है। इस कनेक्शन को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

18 गिरफ्तार, 13 की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार जहरीली शराब मामले में अब तक 18 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक आरोपित की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य अस्पताल में भर्ती है। मामले में 13 आरोपित अब भी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें- सागर कांड के बाद शिवपुरी में फूटा महिलाओं का आक्रोश, शराब दुकानों पर बोला धावा; पुलिसकर्मियों ने लाठी फटकारी तो दौड़ाकर पीटा

साक्ष्य मिटाने जलाईं शराब की बोतलें

इधर, पुलिस ने जहरीली शराब प्रकरण में मुख्य आरोपित चंद्रभान उर्फ चंदू राजा निवासी तीतरवाड़ा की निशानदेही पर 26 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है।

मौके से 1128 जले हुए क्वार्टर भी मिले। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से बचने और साक्ष्य मिटाने के लिए शराब के क्वार्टर जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने शराब नष्ट करने में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोकलेन मशीन भी जब्त की है।

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

सागर में बंडा मामले में फरार आरोपित सिद्धार्थ कुशवाहा के रेस्टोरेंट पार्थ-वे को सील किया गया, जबकि बहेरिया पर बनी जलसा होटल की भी जांच की गई है। उधर, शराब से जुड़ें लोगों में 20 से अधिक अवैध ढाबों, लग्जरी रेस्टोरेंट, होटलों और टपरों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जिससे करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि बेदखल कर मुक्त कराई।

मुख्यमंत्री बोले- जो भी संलिप्त होगा, होगी सख्त कार्रवाई

उधर, मुठभेड़ में आरोपित की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य पुलिस ने अपनी दक्षता सिद्ध की है। जहरीली शराब कांड में जो भी संलिप्त पाए जाएं, हर किसी पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति को कम करने के लिए राज्य में बड़े पैमाने पर नशामुक्ति अभियान संचालित किया जाएगा।