सागर पुलिस की शर्मनाक करतूत... आरोपित को फंसाने स्वयं चाकू रख किया जब्ती का नाटक, CCTV से खुली पोल
सागर पुलिस ने एक आरोपी को फंसाने के लिए खुद नाली में चाकू रखकर बरामदगी दिखाई, जिसकी करतूत सीसीटीवी में ...और पढ़ें

पुलिस ने पहले खुद चाकू नाली में रखा, दूसरे चित्र में एक आरोपित से पहले से रखा चाकू निकलवाते एसआई, जबकि आरक्षक इसका वीडियो बनाता दिखा। (वीउियो ग्रैब)
HighLights
सागर पुलिस ने आरोपी को फंसाने के लिए चाकू रखा।
पुलिस की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
मामले में एसआई व आरक्षक को निलंबित किया गया।
विष्णु कुमार सोनी, सागर। मध्य प्रदेश पुलिस का ऐसा कारनामा सामने आया है, जिससे हाई कोर्ट भी हैरान है। पुलिस अधिकारियों को जवाब देते नहीं बन रहा। सागर जिले के मोतीनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक अपराध में आरोपित की गिरफ्तारी के समय जिस चाकू की बरामदगी दिखाई, वह स्वयं नाली में रखा। बगल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी यह हरकत कैद हो गई। इसकी पुलिसकर्मियों को भनक भी नहीं हुई।
उन्हें भी तब पता लगा, जब कुछ दिन बाद जमानत पर छूटे आरोपित ने हाई कोर्ट के सामने सीसीटीवी के फुटेज रखे। यह हरकत करने वाले उपनिरीक्षक व आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
नाली में चाकू रखकर बरामदगी दिखाने का आरोप
मामला सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के इतवारी टौरी का है। प्रियांशु रजक की शिकायत पर पुलिस ने रज्जू उर्फ सुंदर साहू और उसके तीन स्वजन पर चाकू से जानलेवा हमला करने की एफआईआर दर्ज की थी। रज्जू ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए घटना के समय बाघराज मंदिर में मौजूद होने के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिए, लेकिन उसका नाम नहीं हटाया गया। 20 मई को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और रिपोर्ट में उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त चाकू नाली से बरामद दिखाया।
दुकान के CCTV में कैद हुई करतूत
कुछ दिन बाद जमानत पर बाहर आए रज्जू ने एक दुकान के सीसीटीवी में बरामदगी के समय का फुटेज देखा तो उसमें साफ दिख रहा है कि एक आरक्षक दो आरोपितों को लेकर आता है। उसके बाद उपनिरीक्षक अपने पास रखा चाकू नाली में डालते हैं, फिर आरक्षक से कैमरे में रिकॉर्ड करने को कहते हैं। आरोपितों का नाम पूछकर उनमें से एक से नाली में रखा चाकू निकलवाते हैं। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपितों को चाकू के साथ ले जाती है।
यह भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: सुप्रीम कोर्ट ने भोपाल में ट्रायल पर लगाई रोक; हाई कोर्ट में गिरिबाला की जमानत पर सुनवाई टली
कोर्ट ने एसपी से मांगा जवाब
आरोपित रज्जू ने इस फुटेज के साथ हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। हाईकोर्ट ने पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया से जवाब मांगा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद विवेचक एसआई लोकेश पटेल और आरक्षक दिनेश अहिरवार को निलंबित कर दिया गया। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
