मध्यप्रदेश के सागर में शराब पीने से एक और मौत, दो की बिगड़ी तबीयत
सागर जिले में शराब पीने से मौतों का सिलसिला जारी है। देवरी में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं, जिसके बाद शराब दुकान बंद करने की मांग उठी है।

सागर जिले में शराब पीने से मौतों का सिलसिला जारी (फोटो- जागरण)
HighLights
सागर जिले में शराब पीने से मौतों का सिलसिला जारी
देवरी में एक व्यक्ति की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से बीमार
शराब दुकान बंद करने और मुआवजे की मांग को लेकर जाम
डिजिटल डेस्क, सागर। शराब पीने से मौतों का सिलसिला सागर जिले में थम नहीं पा रहा है। दो दिन पहले दो लोगों की मौत के बाद यहां के देवरी में तीन और लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है।
उल्लेखनीय है कि जिले के बंडा कस्बा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से सितंबर माह में 36 लोगों की मौत हो गई थी। दो दिन पहले ही बंडा थाना क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई थी।
देवरी में जिन तीन लोगों की हालत शुक्रवार रात को बिगड़ी, उनमें मृतक सचिन ठाकुर के स्वजन व अन्य लोगों ने शराब दुकान बंद कराने, शराब ठेकेदार के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांगों को लेकर जाम लगाया।
जिला अस्पताल में भर्ती अमित मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार रात उसने समनापुर स्थित शराब की दुकान से देशी शराब का एक क्वार्टर लिया था। रात में शराब पीने के बाद उसके सीने में जलन होने लगी।
कुछ देर बाद उल्टियां शुरू हो गईं। समनापुर की दुकान से पुलिस ने शराब का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। वहीं कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सहायक आयुक्त आबकारी वंदना पांडे को जांच के निर्देश दिए हैं।