सागर में मोबाइल पर गेम खेल रहे बच्चों ने क्लिक की अनजान लिंक, खाते से उड़ गए ₹9.84 लाख; मंदिर से लौटे दंपती के उड़े होश
सागर की मनोरमा कॉलोनी में एक दंपती के बैंक खाते से 9.84 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई, जब उनके ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
सागर में दंपती के बैंक खाते से 9.84 लाख की ऑनलाइन ठगी।
बच्चों के मोबाइल पर गेम खेलते समय हुई साइबर धोखाधड़ी।
पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, सागर। शहर की मनोरमा कॉलोनी में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला और उसके पति के संयुक्त बैंक खाते से 9.84 लाख रुपये ऑनलाइन निकाल लिए गए, जबकि दंपती उस समय मंदिर गए हुए थे। घर पर उनके बच्चे मोबाइल में गेम खेल रहे थे। वापस लौटने के बाद मोबाइल में आए बैंक मैसेज देखे तो खाते से रकम निकलने का पता चला।
मामले में गोपालगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छह ट्रांजेक्शन में निकले 9.84 लाख
मनोरमा कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय विनीता जैन ने पति अमितोष जैन के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका इंडसइंड बैंक की सिविल लाइन शाखा में संयुक्त खाता है।
17 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे दोनों मनोरमा जैन मंदिर गए थे। दोनों अपने मोबाइल घर पर ही छोड़ गए थे। करीब एक घंटे बाद जब दंपती वापस लौटे तो उनके बेटा और बेटी मोबाइल पर गेम खेल रहे थे।
विनीता ने मोबाइल वापस लेकर बैंक के मैसेज चेक किए तो उनके होश उड़ गए। मोबाइल पर खाते से रकम निकलने के छह मैसेज मिले। चार ट्रांजेक्शन में दो-दो लाख रुपये और दो ट्रांजेक्शन में 92-92 हजार रुपये निकाले गए थे। इस तरह खाते से कुल 9 लाख 84 हजार रुपये गायब हो चुके थे। अमितोष जैन के मोबाइल पर भी रकम निकाले जाने के मैसेज आए थे।
बैंक पहुंचकर तुरंत कराया खाता बंद
रकम निकाले जाने की जानकारी मिलते ही दंपती तत्काल इंडसइंड बैंक की सिविल लाइन शाखा पहुंचे और खाता बंद कराया। इसके बाद विनीता ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
गोपालगंज थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाते से रकम किस तरीके से निकाली गई और ट्रांजेक्शन के पीछे कौन है।
बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर भी रखें नजर
साइबर ठगी के इस मामले के बाद मोबाइल इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी जरूरी है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार गेम खेलते समय सामने आने वाले पॉपअप, विज्ञापन या अनजान लिंक पर क्लिक करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे किसी भी लिंक को खोलने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- भोपाल रिटायर्ड IAS हत्याकांड: फरार केयरटेकर पर 50 हजार रुपये का इनाम, 5 राज्यों में 15 टीमें तलाश में जुटीं
बैंक खाते से जुड़े OTP, पासवर्ड, डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए। बच्चों को मोबाइल देते समय अभिभावकों को भी उन्हें संदिग्ध लिंक, पॉपअप और वेबसाइट से दूर रहने के बारे में समझाना चाहिए।
यदि बैंक खाते से अनधिकृत रूप से रकम निकल जाए तो तुरंत बैंक को सूचना देकर संबंधित सुविधा या खाता सुरक्षित कराएं और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है।
