भोपाल में RGPV की बस बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकराई, 15 घायल; तीन की हालत गंभीर
भोपाल में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की एक बस बिजली के खंभे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें लगभग 15 ...और पढ़ें

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस। (फोटो- जागरण)
HighLights
वीआईपी रोड पर मंगलवार सुबह हुआ हादसा।
बस में करीब 50 विद्यार्थी-कर्मचारी सवार थे।
पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में लिया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) की विद्यार्थियों और कर्मचारियों से भरी बस मंगलवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वीआईपी रोड पर करीब 9:30 बजे बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कई लोग घायल हो गए। शुरुआती जानकारी में करीब 15 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है, जबकि दो विद्यार्थी और एक कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमीदिया अस्पताल में घायलों का इलाज
दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। वहीं, तीन विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे के वक्त बस में करीब 50 विद्यार्थी और कर्मचारी सवार थे।

ड्राइवर बोला- सामने आए व्यक्ति को बचाने में हादसा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि बस के सामने अचानक एक व्यक्ति आ गया था। उसे बचाने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। हालांकि, दुर्घटना की असल वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

अस्पताल पहुंचे विश्वविद्यालय प्रबंधन के अधिकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रबंधन के अधिकारी सक्रिय हो गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके उपचार की स्थिति देखी।
विश्वविद्यालय की यूआईटी के निदेशक विनय थापर ने बताया कि हादसे में छह विद्यार्थी और दो कर्मचारी घायल हुए हैं। प्रबंधन घायलों के इलाज और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
