रीवा से भागकर इटारसी पहुंचे प्रेमी युगल ने रेलवे लाइन के पास पीया जहर, लड़की नाबालिग; रेलकर्मी की तत्परता से बची जान
रीवा से इटारसी आए एक प्रेमी युगल ने रेलवे लाइन के पास जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें ...और पढ़ें

युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
HighLights
रीवा से ट्रेन के जरिए पहुंचे थे इटारसी, परिवरों को रिश्ता नामंजूर।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, लड़की खतरे से बाहर।
युवक की हालत गंभीर, दोनो के बीच तीन साल से प्रेम प्रसंग।
डिजिटल डेस्क, इटारसी। रीवा जिले के मनगवां से इटारसी पहुंचे एक युवक और उसकी कथित प्रेमिका ने बुधवार दोपहर रेलवे लाइन के किनारे जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। लड़की नाबालिग है। दोनों को बेसुध हालत में देखकर एक रेलकर्मी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की एफआरबी और एंबुलेंस टीम ने दोनों को तत्काल शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, युवक और किशोरी रीवा जिले के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों के बीच करीब तीन साल से संबंध थे और परिवार इस रिश्ते से सहमत नहीं थे। इसी वजह से दोनों बिना बताए रीवा से ट्रेन के जरिए इटारसी पहुंचे थे।
रेल लाइन किनारे बिगड़ी हालत, रेलकर्मी ने दी सूचना
इटारसी पहुंचने के बाद दोनों रेलवे लाइन के पास चले गए और कीटनाशक का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक रेलकर्मी की नजर उन पर पड़ी। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक किशोरी की हालत खतरे से बाहर है, जबकि युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
परिवार की नाराजगी से तनाव में होने की बात
किशोरी ने पुलिस को बताया कि दोनों रीवा जिले के निवासी हैं और उनके बीच प्रेम संबंध थे। परिवारों की असहमति के कारण दोनों तनाव में थे। इसी के चलते वे घर से बिना बताए इटारसी आ गए।
पुलिस ने युवक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर उसके परिजनों और रीवा पुलिस से संपर्क किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि किशोरी युवक की दुकान पर काम करती थी, जहां दोनों के बीच प्रेम पनपा। परिवारों की नाराजगी के कारण विवाद बढ़ता गया।
युवक की हालत गंभीर
अस्पताल में उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. सिमरनजीत सिंह गंभीर ने बताया कि दोनों ने कीटनाशक का सेवन किया था। किशोरी की हालत फिलहाल स्थिर है, जबकि युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल आवश्यक उपचार दिया गया।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। किशोरी नाबालिग होने के कारण पुलिस उसके बयान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
