विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में सनकी आशिक की खौफनाक करतूत: युवती ने प्रेम प्रस्ताव ठुकराया तो घर पर फेंका पेट्रोल बम, मंगेतर को दी हत्या की धमकी

Published: Wed, 16 Sep 2026 04:26 PM (IST)

भोपाल के टीटी नगर में एकतरफा प्यार में एक युवक ने युवती के घर पेट्रोल बम फेंका, जिससे किचन में ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. युवक ने एकतरफा प्यार में युवती के घर पेट्रोल बम फेंका।

  2. किचन में आग लगने से हजारों का घरेलू सामान जलकर राख।

  3. आरोपित अरबाज फरार, पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के टीटी नगर इलाके में एकतरफा प्यार में एक युवक ने कथित तौर पर युवती के घर पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी। आरोपित इससे पहले युवती के मंगेतर को जान से मारने की धमकी दे चुका था। उसने युवती की मोपेड में पत्थर मारकर तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद आरोपित अरबाज उर्फ भैयू फरार है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

रिश्ता तय होने के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के मुताबिक बाणगंगा बस्ती निवासी 24 वर्षीय युवती के पिता का निधन हो चुका है और उसका पालन-पोषण उसके भाई ने किया है। कुछ समय पहले युवती का रिश्ता तय हुआ था। इसकी जानकारी अरबाज को मिली तो वह कथित तौर पर युवती का पीछा करने लगा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा।

युवती ने उसका प्रस्ताव पहले ही ठुकरा दिया था। इसके बाद भी युवक की कथित हरकतें नहीं रुकीं। युवती ने मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी।

डायल-112 पर सूचना के बाद भी नहीं माना

सोमवार सुबह अरबाज युवती को धमकाने उसके घर पहुंचा। युवती ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन बाद में फोन कर युवती को धमकाता रहा।

शाम करीब पांच बजे युवती अपनी भाभी के साथ घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अरबाज दोबारा वहां पहुंचा और युवती की मोपेड पर पत्थर बरसाकर उसमें तोड़फोड़ कर दी।

यह भी पढ़ें- फर्जी IAS तृप्ति का एक और शिकार सामने आया, विधानसभा वाला वीडियो बनाने वाली युवती से भी ठगे थे 3 लाख; भोपाल में तीसरी FIR

किचन में फेंका पेट्रोल बम

आरोप है कि मोपेड में तोड़फोड़ करने के बाद युवक ने घर के अंदर पेट्रोल बम फेंक दिया। बम किचन में गिरा, जिससे वहां आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से फ्रिज समेत हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। युवती की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने अरबाज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।