फर्जी IAS तृप्ति का एक और शिकार सामने आया, विधानसभा वाला वीडियो बनाने वाली युवती से भी ठगे थे 3 लाख; भोपाल में तीसरी FIR
फर्जी IAS तृप्ति सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का तीसरा मामला दर्ज हुआ है, जिसमें ख्याति धौलपुरे ने 3 लाख रुपये ...और पढ़ें

दो युवतियों के साथ फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
फर्जी IAS तृप्ति सिंह पर धोखाधड़ी की तीसरी FIR दर्ज।
वीडियो में संग दिखी युवती ने लगाया 3 लाख ठगी का आरोप।
मानव संसाधन विभाग में नौकरी लगवाने का दिया था झांसा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। फर्जी IAS तृप्ति सिंह के साथ वीडियो बनाकर खुद को IAS अधिकारी बताते हुए विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने का दावा करने वाली युवती ख्याति धौलपुरे भी ठगी की शिकार निकली है। ख्याति की शिकायत पर बागसेवनिया पुलिस ने तृप्ति सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की तीसरी एफआईआर दर्ज की है।
बैतूल निवासी ख्याति ने आरोप लगाया कि तृप्ति ने उसे मानव संसाधन विभाग में बी-क्लास की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में तीन लाख रुपये लिए। रकम लेने के बाद करीब एक साल तक वह नौकरी लगवाने के नाम पर उसे अलग-अलग बहाने बनाकर टालती रही।
कार्यक्रम में हुई मुलाकात, फिर बढ़ी नजदीकी
पुलिस के अनुसार ख्याति की मुलाकात एक कार्यक्रम के दौरान तृप्ति से हुई थी। इसके बाद दोनों मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में रहने लगीं। तृप्ति ने खुद को IAS अधिकारी बताते हुए ख्याति को भरोसा दिलाया कि वह उसे मानव संसाधन विभाग में नौकरी दिला सकती है।
नौकरी की उम्मीद में ख्याति ने उसे तीन लाख रुपये दे दिए। इसके बाद जब काफी समय तक नियुक्ति नहीं हुई तो उसने तृप्ति से संपर्क किया। आरोप है कि तृप्ति कभी किसी दूसरे विभाग में नौकरी लगवाने की बात कहती तो कभी प्रक्रिया जल्द पूरी होने का भरोसा देकर समय मांगती रही।
नौकरी नहीं लगी तो रकम लौटाने से भी बचती रही
शिकायत के मुताबिक समय बीतने के बावजूद न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। ख्याति का आरोप है कि तृप्ति लगातार किसी न किसी बहाने से उसे टालती रही।
बाद में जब तृप्ति के फर्जी IAS अधिकारी होने का खुलासा हुआ तो ख्याति को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जेल में है तृप्ति
बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद तृप्ति सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह उसके खिलाफ दर्ज होने वाली तीसरी एफआईआर है।
तृप्ति फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस उसके संपर्क में रहे लोगों के अलावा उसके संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया।
यह भी पढ़ें- पिता लापता हुए तो नेपाल से भोपाल दौड़ीं दो बेटियां, 1400 किमी का सफर तय कर पहुंचीं; बोलीं- पापा मिलेंगे तभी लौटेंगे
इंटरनेट मीडिया पर बनाया था अफसर जैसा रुतबा
पुलिस जांच में सामने आया है कि तृप्ति ने इंटरनेट मीडिया पर अपनी हाई-प्रोफाइल और सरकारी अधिकारी वाली छवि तैयार कर रखी थी। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वह सरकारी अधिकारी जैसी तस्वीरें और पोस्ट साझा करती थी।
