रायसेन जेल में कैदी ने प्रहरी को गोली मारी, आंखों में झोंकी मिर्ची और सिर पर किए वार; जेल ब्रेक की साजिश का CCTV आया सामने
रायसेन जिला जेल में कैदी नीलेश द्वारा प्रहरी को गोली मारने और उस पर हमला करने का सीसीटीवी फुटेज सामने ...और पढ़ें
HighLights
कैदी नीलेश ने प्रहरी पर देसी कट्टे से हमला किया।
सीसीटीवी फुटेज में जेल ब्रेक की साजिश उजागर हुई।
नीलेश सहित तीन आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। रायसेन जिला जेल में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कैदी द्वारा प्रहरी पर किए गए हमले का खौफनाक मंजर कैद है। फुटेज में नजर आ रहा है कि कैदी नीलेश हाथ में देसी कट्टा लेकर ड्यूटी पर तैनात प्रहरी के पास पहुंचता है। प्रहरी के विरोध करने पर वह उसकी कमर के ऊपर गोली चला देता है।
जांच में सामने आया है कि यह हमला अचानक नहीं था, बल्कि जेल से भागने की सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। पुलिस के मुताबिक जमानत नहीं मिलने से हताश नीलेश ने साथियों के साथ मिलकर जेल ब्रेक की योजना बनाई थी। मामले में मास्टरमाइंड नीलेश समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि हथियार उपलब्ध कराने वाला उसका मामा सुप्यार सिंह फरार है।
गोली मारने के बाद भी नहीं रुका हमला
सीसीटीवी फुटेज में गोली लगने के बाद प्रहरी के जमीन पर गिरते ही नीलेश उसके पास पहुंचता दिखाई दे रहा है। आरोपित ने प्रहरी की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद उसने कट्टे के बट से प्रहरी के सिर पर दो बार वार किया।
घटना के फुटेज ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब हमले से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों की कड़ियां जोड़कर साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
जेल की ऊंची दीवार के ऊपर से अंदर पहुंचाया गया कट्टा
पुलिस जांच के अनुसार नीलेश ने जमानत नहीं मिलने के बाद जेल से भागने की योजना बनाई थी। इसके लिए जेल की सुरक्षा में सेंध लगाने की तैयारी की गई। वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा जेल की ऊंची दीवार के बाहर से अंदर फेंका गया था।
योजना के मुताबिक पहले प्रहरी को रास्ते से हटाना था और इसके बाद जेल से भागने की कोशिश की जानी थी। हालांकि वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज कर साजिश में शामिल आरोपितों तक पहुंच बनाई।
यह भी पढ़ें- रायसेन जेल में फायरिंग से हड़कंप, हत्या के आरोपित ने प्रहरी को देसी तमंचे से मारी गोली; अधीक्षक निलंबित
मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार, हथियार देने वाला मामा फरार
गोलीकांड की जांच के बाद पुलिस ने जेल ब्रेक की साजिश के मास्टरमाइंड कैदी नीलेश समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपित सुप्यार सिंह की तलाश में जुटी है।
जांच में उसकी भूमिका नीलेश को वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा उपलब्ध कराने में सामने आई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
