Rain in Indore : मध्यप्रदेश के इंदौर में मौसम ने ली करवट, प्री मानसून आने से झमाझम हुई पहली बारिश
Rain in Indore इस सीजन में पहली बार बादल मेहरबान हुए और इंदौर में प्री मानसून की बारिश हुई। वहीं तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी होने से प्री मानसून गतिविधि दिखाई देगी।इंदौर में रविवार को पारा 37 से 38 डिग्री के आसपास रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी।
इंदौर, जेएनएन । इंदौर के कई इलाकों में रात आठ बजे एकाएक मौसम बदला और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया जो देर रात तक चलता रहा। इंदौर में देर रात तक बारिश हुई। शनिवार को इस सीजन में पहली बार बादल मेहरबान हुए और इंदौर में प्री मानसून की बारिश हुई। सुबह तेज गर्मी का अहसास हुआ, वहीं दोपहर तीन बजे बाद तेज हवा चलने लगी।
मुंबई में शनिवार को मानसून पहुंच चुका है। ऐसे में 18 से 20 जून तक मानसून के इंदौर पहुंचने की संभावना है। मालूम हो कि बारिश के दौरान शहर की सड़कों पर पानी भर गया। कई इलाकों में पेड़ गिरने की शिकायतें भी मिली। वहीं पहली बारिश में ही इंदौर के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई थी। मौसम की पहली बारिश के साथ पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्री-मानसून मेंटेनेंस की भी पोल खुल गई। शनिवार शाम बारिश का दौर शुरू होने के साथ इंदौर की कम से कम सवा सौ कालोनियों और मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। बिजली जाने के बाद परेशान उपभोक्ताओं की शिकायतें भी दर्ज नहीं हो सकी। बिजली वितरण के साथ काल सेंटर की सेवा भी ठप पड़ गई।
वहीं, कई चौराहों पर जलजमाव की स्थिति भी निर्मित हुई। इंदौर में रविवार सुबह से बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। शनिवार को हुई बारिश के बाद रविवार सुबह से गर्मी से राहत रही और सुबह 8.30 बजे पारा 26 डिग्री तक पहुंचा। गौरतलब है कि शनिवार को प्री मानसून के तहत इस सीजन में पहली बार बादल शहर पर मेहरबान हुए हुए और वर्षा हुई। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर शनिवार रात 11.30 बजे तक 48.2 मिमी बारिश दर्ज हुई।
जानकारी हो कि मप्र पाल्युशन कंट्रोल बोर्ड के मौसम केंद्र पर रात 11 बजे तक 52.25 मिमी बारिश दर्ज हुई। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानी के अनुसार वर्तमान में उत्तरी महाराष्ट्र से उत्तरी कर्नाटक तक अपतटीय टर्फ बना हुआ है। वहीं अरब सागर में गुजरात के पास भी एक अन्य टर्फ बना हुआ है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान पर बना है। इसके कारण इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर व भोपाल संभागों में नमी आने के कारण तेज हवा चल रही है।
जानकारी हो कि सीजन की पहली वर्षा ने नगर निगम की स्टार्म वाटर लाइन और पानी निकासी के दावों की पोल खोल दी। खजराना, जंजीरवाला, एमआर-9 चौराहे पर कुछ समय के लिए जलजमाव हुआ। इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। शहर में ढाई घंटे से ज्यादा समय तक तेज वर्षा हुई। नगर निगम के कंट्रोल रूम में जल जमाव की बड़ी शिकायत नहीं पहुंची। जल जमाव के कारण पूर्वी रिंग रोड पर जबरदस्त ट्रैफिक जाम हो गया। यहां वाहनों की कतारें बहुत दूर तक रहीं। बहुत देर तक वाहन रेंगते रहे। चारों ओर से वाहनों की कतार के कारण यातायात गड़बड़ा गया। शहर के कई इलाके विकास कार्यों के नाम पर खोदे पड़े हैं, वहां भी ऐसे ही हालात बने।
बिजली कंपनी के सूत्रों के अनुसार बारिश के बाद रात 8 बजे तक शहर के 60 से ज्यादा फीडरों पर बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी।