अभिनेता रघुवीर यादव को मिलेगा राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, खंडवा में 12-13 अक्टूबर को सजेगी सुरों की महफिल
अभिनेता रघुवीर यादव को वर्ष 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण खंडवा में 12-13 अक्टूबर को आयोजित समारोह में प्रदान ...और पढ़ें

रघुवीर यादव।
HighLights
रघुवीर यादव को 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण मिलेगा।
खंडवा में 12-13 अक्टूबर को दो दिवसीय समारोह आयोजित होगा।
सुदेश भोंसले और स्थानीय कलाकार देंगे संगीतमय प्रस्तुति।
डिजिटल डेस्क, खंडवा। अभिनय के क्षेत्र में अपने बहुआयामी योगदान के लिए अभिनेता रघुवीर यादव को वर्ष 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण प्रदान किया जाएगा। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से महान गायक-अभिनेता किशोर कुमार की स्मृति में खंडवा में दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह और गीत-संगीत संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
12 और 13 अक्टूबर को पुलिस ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में पहले दिन स्थानीय युवा कलाकार किशोर कुमार के सदाबहार गीतों से समां बांधेंगे, जबकि दूसरे दिन रघुवीर यादव को राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। इसके बाद मुंबई के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोंसले और उनके साथी कलाकार गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे।
12 अक्टूबर को ‘ये शाम मस्तानी’ से होगी शुरुआत
दो दिवसीय समारोह की शुरुआत 12 अक्टूबर की शाम सात बजे ‘ये शाम मस्तानी’ गीत-संगीत संध्या से होगी। इसमें खंडवा के युवा गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए किशोर कुमार को संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे। कार्यक्रम में सुनील शर्मा, संध्या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान और पूजा पुरा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जैन करेंगे।
किशोर की पुण्यतिथि पर सम्मान
किशोर कुमार की पुण्यतिथि 13 अक्टूबर को मुख्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। इसी अवसर पर अभिनेता रघुवीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के तहत पांच लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है। सम्मान समारोह के बाद सुदेश भोंसले एवं उनके साथी कलाकारों की विशेष गीत-संगीत प्रस्तुति होगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में जुबिन नौटियाल के कॉन्सर्ट में बवाल, बैरिकेड फांदकर घुसे युवाओं को रोका तो पुलिस से भिड़े; फेंकी कुर्सियां
1997 से दिया जा रहा है राष्ट्रीय सम्मान
मध्य प्रदेश शासन ने किशोर कुमार की स्मृति में वर्ष 1997 से राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत की थी। यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन और गीत लेखन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को प्रदान किया जाता है। दोनों दिन कार्यक्रम शाम सात बजे से शुरू होंगे और दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
