विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में जुबिन नौटियाल के कॉन्सर्ट में बवाल, बैरिकेड फांदकर घुसे युवाओं को रोका तो पुलिस से भिड़े; फेंकी कुर्सियां

Published: Wed, 07 Oct 2026 04:22 PM (IST)

भोपाल के लाल परेड मैदान में मुख्यमंत्री के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान जुबिन नौटियाल के कॉन्सर्ट में हंगामा हो ...और पढ़ें

HighLights

  1. जुबिन नौटियाल के कॉन्सर्ट में युवाओं और पुलिस के बीच झड़प।

  2. बैरिकेड फांदकर घुसे युवाओं को रोकने पर हुआ हंगामा।

  3. करीब 10 मिनट तक जमकर कुर्सियां फेंकी गईं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में मुख्यमंत्री के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति के बीच कुछ युवा बैरिकेड फांदकर घुसने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो युवाओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते कुर्सियां फेंकी जाने लगीं। करीब 10 मिनट तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।

20 हजार युवाओं के लिए आयोजित था कार्यक्रम

मंगलवार को लाल परेड मैदान में सीएम यूथ कॉन्क्लेव आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जुबिन नौटियाल के साथ रॉक बैंड कबीर कैफे की प्रस्तुति भी प्रस्तावित थी। प्रदेशभर से करीब 20 हजार युवाओं को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा बड़ी संख्या में भोपाल के छात्र-छात्राएं और अन्य युवा भी प्रस्तुति देखने पहुंचे थे।

एलईडी पर चढ़ गए 30-40 युवा

जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति शुरू होने के दौरान कुछ युवा प्रेस सेक्टर की बैरिकेडिंग फांदकर अंदर घुसने लगे। बताया गया कि करीब 30 से 40 युवा एलईडी स्क्रीन के ढांचे पर चढ़ गए। इससे किसी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारने और वहां से हटाने की कोशिश शुरू की।

मंच से जुबिन नौटियाल ने भी युवाओं से नीचे उतरने और सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की, लेकिन स्थिति तुरंत सामान्य नहीं हुई।

इसलिए भड़के युवा

पुलिस ने एक युवक को पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मी उसे बाल पकड़कर खींचते हुए बाहर ले गए। इस पर वहां मौजूद अन्य युवा आक्रोशित हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया तो युवाओं ने कुर्सियां उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। करीब 10 मिनट तक मौके पर हंगामा चलता रहा।

यह भी पढ़ें- सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026: भोपाल में युवाओं से रूबरू हुए CM डॉ. मोहन यादव, MP के विकास का पेश किया रोडमैप

पांडाल का पर्दा भी फाड़ने का आरोप

हंगामे का असर जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति पर भी पड़ा और कार्यक्रम कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान कुछ युवाओं ने पांडाल का पर्दा भी फाड़ दिया। करीब 25 मिनट तक समझाइश और स्थिति नियंत्रित करने के प्रयास के बाद युवाओं को वहां से हटाया गया।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने घटना की जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।