विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश: IPS अधिकारी को धमकाने पर नरम पड़े प्रीतम लोधी, सीएम के सामने मांगी माफी

Published: Fri, 24 Apr 2026 08:43 AM (IST)

भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने आईपीएस अधिकारी से जुड़े विवाद पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने खेद व्यक्त किया।

पुलिस अधिकारी विवाद पर भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने जताया खेद (फाइल फोटो)

पुलिस अधिकारी विवाद पर भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने जताया खेद (फाइल फोटो)

HighLights

  1. प्रीतम लोधी ने IPS अधिकारी विवाद पर खेद जताया।

  2. मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा अध्यक्ष से मिले।

  3. पार्टी गाइडलाइन का पालन करने का आश्वासन दिया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने पुलिस अधिकारी से जुड़े विवाद पर खेद जताया है। गुरुवार को वे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ द्वारा उनके बेटे का जुलूस निकालने की बात कही गई थी, जिससे वे आहत हो गए थे। इसी वजह से उन्होंने वीडियो जारी कर नाराजगी जताई थी, लेकिन अब उन्हें इसका खेद है और आगे से वे पार्टी की गाइडलाइन का पालन करेंगे।

बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल को उनके बेटे दिनेश ने अपनी थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मार दी थी, जिसमें लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी।

वीडियो से बढ़ा विवाद

पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर विधायक प्रीतम लोधी ने आरोप लगाया था कि अधिकारी ने उनके बेटे को करैरा क्षेत्र में घुसने से रोकने की बात कही। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।

वीडियो में उन्होंने पुलिस अधिकारी के घर को गोबर से भरने और हजारों समर्थकों के साथ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया, जिससे विवाद और बढ़ गया। इस मामले को गंभीर मानते हुए भाजपा ने उन्हें नोटिस जारी किया और तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा था।

पहले भी रहे हैं विवादों में

प्रीतम लोधी का नाम पहले भी विवादों में रहा है। अगस्त 2022 में भाजपा ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। यह कार्रवाई ब्राह्मण समाज और महिलाओं के खिलाफ उनके बयान को लेकर की गई थी। हालांकि बाद में उन्होंने खेद जताया और फिर पार्टी में वापसी हुई।

'ज्यादा समय नहीं बचा है...', ट्रंप का ईरान को नया अल्टीमेटम; न्यूक्लियर हमले की संभावना से इनकार