विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मन की बात' में गूंजी MP की शिवानी की कहानी, अंतिम विदाई पर मिला था गार्ड ऑफ ऑनर

Published: Sun, 25 Oct 2026 09:52 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में नर्मदापुरम की शिवानी के अंगदान का उल्लेख किया, जिससे तीन जरूरतमंद ...और पढ़ें

पीएम नरेंद्र मोदी ने मन की बात में किया शिवानी का जिक्र।

पीएम नरेंद्र मोदी ने मन की बात में किया शिवानी का जिक्र।

HighLights

  1. पीएम मोदी ने 'मन की बात' में किया शिवानी का उल्लेख।

  2. शिवानी के अंगदान से तीन मरीजों को मिला नया जीवन।

  3. अंतिम संस्कार पर पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर।

डिजिटल डेस्क, नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की शिवानी का उल्लेख किया। शिवानी के अंगदान से तीन जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिला। प्रधानमंत्री ने आईआईटी मद्रास में ‘सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर’ के उद्घाटन का संदर्भ देते हुए कहा कि मस्तिष्क से जुड़े उन्नत शोध में अंगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिवानी की कहानी अंगदान के महत्व और एक कठिन समय में परिवार के मानवीय फैसले की मिसाल बन गई है।

सलकनपुर दर्शन को जाते वक्त हुआ हादसा

नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी क्षेत्र के खापाखुर्द गांव की रहने वाली 30 वर्षीय विलासा टांटी शर्मा, जिन्हें शिवानी के नाम से जाना जाता था, 10 अक्टूबर को सलकनपुर माता के दर्शन के लिए निकली थीं। इसी दौरान वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं।

हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवानी को उपचार के लिए भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने 14 अक्टूबर को उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इस कठिन परिस्थिति में उनके स्वजन ने अंगदान की सहमति देकर दूसरों की जिंदगी बचाने का फैसला किया।

दोनों किडनी और लिवर से तीन को मिला जीवनदान

परिजनों की सहमति के बाद 15 अक्टूबर को शिवानी के अंगदान की प्रक्रिया पूरी की गई। उनकी एक किडनी एम्स भोपाल में एक मरीज को प्रत्यारोपित की गई, जबकि दूसरी किडनी और लिवर भोपाल के बंसल अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपित किए गए।

इस तरह शिवानी के अंगदान से तीन मरीजों को नया जीवन पाने का अवसर मिला। उनके स्वजन के इस फैसले ने दुख की घड़ी में भी दूसरे परिवारों के लिए उम्मीद जगाई।

यह भी पढ़ें- MP में कोचिंग सेंटरों पर लगाम: हर 3 साल में रिन्यू कराना होगा पंजीयन, फीस से लेकर शिक्षकों की जानकारी वेबसाइट पर देना अनिवार्य

पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

16 अक्टूबर को खापाखुर्द गांव में शिवानी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस के दस्ते ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि दी। गांव में शोक के बीच उनके अंगदान की चर्चा लोगों को मानवता और दूसरों के जीवन के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती रही।