विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी बोले- जनजातीय समाज के बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा; धार में 1,353 करोड़ के सिंचाई प्रोजेक्ट का लोकार्पण, 126 गांवों को मिलेगा लाभ

Published: Sun, 15 Nov 2026 03:29 PM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाते हुए जनजातीय समाज के योगदान और विकास ...और पढ़ें

जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को पीएम मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया, सीएम मोहन ने दी विकास कार्यों की सौगात।

जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को पीएम मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया, सीएम मोहन ने दी विकास कार्यों की सौगात।

HighLights

  1. पीएम मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस पर किया संबोधित।

  2. धार में 1,353 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण।

  3. जनजातीय समाज के योगदान और विकास पर दिया जोर।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर देश के जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और विकास के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया। मध्य प्रदेश के धार जिले के डही में आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान की अनगिनत गाथाओं से भरा है। राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे नायकों का योगदान देश की विरासत है। आजादी की लड़ाई में जनजातीय समाज ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और राष्ट्र को नई दिशा दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। अब यह आयोजन राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि पहले देश में कार्यक्रमों और उत्सवों की शुरुआत विदेशी दृष्टिकोण से होती थी, लेकिन अब राष्ट्रीय गौरव और अपनी विरासत को केंद्र में रखकर आयोजन किए जा रहे हैं। यह देश में आए बड़े बदलाव का संकेत है।

जनजातीय नायकों के बलिदान को किया याद

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदाय की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि छोटा नागपुर का कोल आंदोलन और संथाल क्रांति अन्याय के खिलाफ जनजातीय समाज के संघर्ष के बड़े उदाहरण हैं। क्रांतिसूर्य टंट्या भील, रानी गाइदेलियो, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे वीरों ने अपने साहस और बलिदान से देश को प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही जिस तरह अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन खड़ा किया, वह आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे नायकों की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है। इनमें जनजातीय संग्रहालयों से लेकर शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन पहलों के माध्यम से देश को करीब 30 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है।

उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से पिछड़े और दूरस्थ जनजातीय इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये का बजट रखा है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में पिछले वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। नक्सलवाद और माओवादी आतंक के प्रभाव में कमी आना भी बड़ी उपलब्धि है। इन दोनों बदलावों का सबसे अधिक सकारात्मक असर जनजातीय क्षेत्रों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सामूहिक भागीदारी का परिणाम है।

पीएम मोदी ने बताया कि गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक पक्के आवास बनाए गए हैं। आजादी के बाद भी बिजली से वंचित रहे 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। देश में 1.75 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता सुविधाओं और स्वास्थ्य केंद्रों के विस्तार से कई बीमारियों पर नियंत्रण पाने में मदद मिली है।

यह भी पढ़ें- भगवान बिरसा मुंडा को सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया नमन, कहा- उनके बलिदान को सदैव याद रखेगा देश

मुद्रा योजना से बढ़ा गरीबों का आत्मविश्वास

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने से गरीबों और जनजातीय समाज के लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं। सरकार ने 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी विकासखंडों में विकास की गति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए हैं।

उन्होंने बताया कि पीएम कृषि धन-धान्य योजना के तहत खेती के लिहाज से पिछड़े 100 जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के मंत्र ने गरीबों को नया विश्वास दिया है और करोड़ों लोगों ने अपनी मेहनत से गरीबी को परास्त करने का काम किया है।

डही में 1,353 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण

जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन में मध्य प्रदेश को भी बड़ी सौगात मिली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के डही में 1,353.18 करोड़ रुपये की लागत वाले डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। इस परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को नर्मदा का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं और जनजातीय उत्थान से जुड़े कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्टॉल का अवलोकन करने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया। जनजातीय समाज के विकास और उत्थान के लिए समर्पित भाव से काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

सीएम मोहन बोले- बटन दबाते ही मां नर्मदा का आशीर्वाद मिल गया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंचाई परियोजना के लोकार्पण को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आज होली और दीपावली समेत सभी त्योहारों का आनंद एक साथ मिल गया। बटन दबाते ही मां नर्मदा स्वयं अपना आशीर्वाद देने पहुंच गईं। जल के महत्व को बताते हुए उन्होंने रहीम का दोहा सुनाया- 'रहिमन पानी राखिये, बिन पानी सब सून।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी के बिना खेती अधूरी है। सिंचाई की सुविधा नहीं होने से किसानों को परेशानी होती है और ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन की स्थिति बनती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार, झाबुआ और आलीराजपुर जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्रों को विकास की नई सौगातें मिली हैं।

उन्होंने बताया कि 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की डही सिंचाई परियोजना से करीब एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा विकसित होगी। नर्मदा नदी यहां से लगभग सात किलोमीटर दूर है, लेकिन परियोजना के जरिए 58 किलोमीटर दूर तक पानी पहुंचाया जाएगा।

टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय नायकों की विरासत को सम्मान देने और उनके नाम पर विकास कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार बनने के बाद खरगोन में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया गया। वहीं, भगोरिया उत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने धार में पीएम मित्र पार्क की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पार्क से निमाड़-मालवा के करीब छह लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और धार में तीन लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।