नर्मदापुरम में जुआ पकड़ने गई पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक की मौत, कोतवाली के सामने शव रखकर प्रदर्शन
नर्मदापुरम में जुआ पकड़ने गई पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, जिसके ...और पढ़ें

युवक की मोत के बाद थाने पर जमा लोगों की भीड़।
HighLights
जुआ रेड के दौरान नासिर अली की मौत हुई।
परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया।
पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में जुआ पकड़ने गई पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बालागंज निवासी नासिर अली के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार देर रात कोतवाली थाने के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई में शामिल चार पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान नासिर के साथ मारपीट की गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे मौके पर ही छोड़ दिया गया और तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
कोतवाली के सामने शव रखकर प्रदर्शन
नासिर की मौत के बाद आक्रोशित परिजन सोमवार देर रात शव को एंबुलेंस में लेकर कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने शव से भरी गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी जुआ फड़ पर दबिश देने गई टीम के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग कर रहे थे।
रात करीब 12:30 बजे तक थाने के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और थाने के अंदर तथा बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
एएसपी के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एएसपी अभिषेक राजन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक और सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
एएसपी अभिषेक राजन ने परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर राजी हो गए। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
जुआ फड़ पर दबिश के दौरान पकड़े गए आरोपित
एसडीओपी जितेंद्र पाठक के मुताबिक, क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया था। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे, जिसके बाद कुछ लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, नासिर पर जुआ खिलाने का आरोप था।
पुलिस ने बताया कि नासिर के खिलाफ जुआ, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें जुए से जुड़े 11 मामले शामिल हैं।
पहले हार्ट अटैक, बायपास सर्जरी भी हो चुकी थी
जानकारी के मुताबिक, नासिर को पहले हार्ट अटैक आ चुका था और उसकी बायपास सर्जरी भी हुई थी। उसका इलाज चल रहा था। परिजनों का दावा है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद वह करीब 10 से 15 मिनट तक मौके पर पड़ा रहा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाकर निजी अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल, नासिर की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पर लगाए गए आरोपों की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
