नंदकुमार चौहान की दूसरी बार मप्र भाजपा अध्यक्ष पद पर ताजपोशी
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की दूसरी बार ताजपोशी के मौके पर सत्ता और संगठन के नेताओं ने मिशन-18 की चिंता जताई। नंदकुमार ने कहा कि वह पार्टी का भरोसा नहीं टूटने देंगे।
जागरण ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की दूसरी बार ताजपोशी के मौके पर सत्ता और संगठन के नेताओं ने मिशन-18 की चिंता जताई। साथ ही राज्य में शिवराज सिंह चौहान के नेतृृत्व में चौथी बार सरकार बनाने का संकल्प भी लिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, नरेंद्र सिंह तोमर एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे सहित अन्य वक्तओं ने नंदकुमार को श्रेष्ठ कार्यकर्ता बताया। केंद्रीय पर्यवेक्षक रामदास अग्रवाल ने नंदकुमार के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सुबह से ही जश्न का माहौल था। कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आए थे।
इस मौके पर नंदकुमार ने कहा कि वह पार्टी का भरोसा नहीं टूटने देंगे। वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि कार्यकर्ताओं को हमेशा जोड़कर रखें, हमें मध्य प्रदेश में चौथी बार सरकार बनानी है।