मध्य प्रदेश: करवाचौथ पर सांप ने डसा तो महिला ने दिखाई बहादुरी, पटक-पटककर मार डाला
करवाचौथ के दिन मध्य प्रदेश में एक महिला को सांप ने डस लिया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए सांप को ...और पढ़ें

सांप के डसने के बाद महिला ने दिखाई अद्भुत बहादुरी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। करवाचौथ के दिन जहां सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखकर पूजा-अर्चना में जुटी थीं, वहीं एक महिला के साथ ऐसा वाकया हुआ कि सुनने वाले भी हैरान रह गए। दोपहर में कमरे में आराम कर रही महिला को सांप ने पैर में डस लिया।
दर्द के कारण नींद खुली तो उसने देखा कि सांप उसके पैर से लिपटा हुआ है। इसके बाद महिला ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और पैर से सांप को अलग कर पटक-पटककर मार डाला। बाद में पति उसे बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। पति अपने साथ मरे हुए सांप को भी थैली में रखकर अस्पताल ले गया।
जानकारी के अनुसार, पांडरी निवासी किसान रणवीर सिंह की पत्नी करवाचौथ के दिन व्रत रखे हुए थीं। दोपहर के समय वह अपने कमरे में आराम कर रही थीं। इसी दौरान एक सांप उनके पैर से लिपट गया और उसने डस लिया। पैर में तेज दर्द होने पर महिला की नींद खुली तो सामने सांप देखकर वह चौंक गईं। सांप पैर से लिपटा हुआ था। ऐसी स्थिति में भी महिला ने हिम्मत नहीं खोई और किसी तरह सांप को पैर से अलग किया। इसके बाद उसे पटक-पटककर मार डाला।
महिला के पति रणवीर सिंह ने बताया कि घटना के समय वह खेत पर थे। पत्नी को सांप के डसने की जानकारी मिली तो वह तत्काल खेत से घर पहुंचे। इसके बाद बिना देर किए पत्नी को बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल भिंड लेकर आए। उन्होंने मरे हुए सांप को भी एक थैली में रख लिया और अपने साथ अस्पताल ले गए। अस्पताल में महिला का उपचार किया गया।
डॉक्टरों के उपचार के बाद उसकी हालत ठीक बताई गई और छुट्टी दे दी गई। हालांकि डाक्टरों का कहना है कि सांप के डसने पर उसे मारने या पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सबसे पहले नजदीक अस्पताल में उपचार के लिए जाना चाहिए।
दो बेटियों और एक बेटे की मां है महिला
रणवीर सिंह ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। करवाचौथ के दिन हुई इस घटना से पूरा परिवार घबरा गया था, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से पत्नी की हालत में सुधार हो गया। महिला की हिम्मत और सूझबूझ की चर्चा गांव में भी हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।