MP Weather: रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ पड़ सकती हैं बौछारें
मध्य प्रदेश में मानसून के अंतिम चरण में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर समेत कई ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मध्य प्रदेश में मानसून रवानगी की ओर, बारिश का दौर जारी है।
भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश संभव।
पिछले 24 घंटों में पन्ना के पवई में सर्वाधिक 61 मिमी बारिश।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बीच बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा, शहडोल और सागर संभागों के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि चंबल और जबलपुर संभागों में कई स्थानों पर पानी गिरा। मौसम विभाग ने रविवार, 27 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के के अनुसार रविवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं, रीवा, सतना, शहडोल, सिंगरौली और छतरपुर सहित कुछ अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
पवई में सबसे ज्यादा 61 मिमी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पन्ना जिले के पवई में सर्वाधिक 61 मिमी पानी गिरा। वहीं नौगांव में 58, डिंडोरी में 39.3, खजुराहो में 31.8, छतरपुर में 28.6, पन्ना में 24.2, अनूपपुर में 23.3, अनूपपुर के अमरकंटक में 16.2 एवं कटनी में 15 मिमी पानी गिरा।
इन जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर और पांढुर्णा में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
इसके अलावा ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
30 से 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिले शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मध्यवर्ती हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिसका असर मौसम की गतिविधियों पर पड़ सकता है।
