विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में विदाई से पूर्व मानसून मेहरबान, दतिया-जबलपुर समेत 24 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी; 13 में ऑरेंज अलर्ट

Published: Sat, 26 Sep 2026 03:01 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले बारिश का सिस्टम फिर सक्रिय हो गया है, जिससे पूर्वी और मध्य ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मानसून की विदाई से पूर्व मप्र में झमाझम का दौर।

  2. 13 जिलों में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी।

  3. रीवा, जबलपुर, सागर संभाग में हुई जोरदार बारिश।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बीच एक बार फिर बारिश का सिस्टम सक्रिय है। पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। पिछले 24 घंटों में रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि ग्वालियर और चंबल संभाग में भी कई स्थानों पर पानी गिरा। राजधानी भोपाल समेत नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में कुछ स्थानों पर तथा उज्जैन संभाग में कहीं-कहीं बारिश हुई।

कहां-कितना गिरा पानी

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान शनिवार सुबह 8:30 बजे तक मंडला के बिछिया में सर्वाधिक 191.8 मिमी (करीब 8 इंच) बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पन्ना के अजयगढ़ में 180.2, अमरकंटक में 148, पन्ना में 143, खजुराहो में 118, उमरिया में 95.7, डिंडोरी में 93.2, नौगांव में 92, मंडला में 84.4, ओरछा में 67, बालाघाट में 66.2, छतरपुर में 65.6, मैहर में 58.2 और कटनी में 55 मिमी वर्षा हुई।

डिप्रेशन से बढ़ी बारिश की गतिविधियां

भोपाल मौसम केंद्र की 26 सितंबर की मॉर्निंग इंफॉर्मेशन के मुताबिक, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उससे लगे उत्तर छत्तीसगढ़ पर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। शनिवार सुबह 8:30 बजे यह सिस्टम सीधी से करीब 70 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम, रीवा से 90 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और सतना से करीब 120 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था।

इसके 26 सितंबर की शाम तक पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से होते हुए दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटों में इसके धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।

आज इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान में प्रदेश के दतिया, भिंड, सीधी, रीवा, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जैसे 13 जिलों में कहीं-कहीं 115.6 से 204.4 मिमी तक अति भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

इन जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी

इसके अलावा शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, सिंगरौली, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, नरसिंहपुर, मंडला, सागर और मैहर में कहीं-कहीं 64.5 से 115.5 मिमी तक भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में भी आंधी, बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

भोपाल समेत कई जिलों में गरज-चमक का अलर्ट

भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा समेत मालवा-निमाड़, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां फिलहाल सीमित रहने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- MP में फिर बदला मौसम, जबलपुर-बालाघाट समेत 16 जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी; रीवा-सतना में रेड अलर्ट

तापमान में आई गिरावट

बारिश के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ग्वालियर और सागर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 4.5 से 5.1 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जबकि भोपाल, चंबल और जबलपुर संभाग में तापमान में 2 से 3.8 डिग्री तक की कमी आई। अन्य संभागों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद प्रदेश में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का दौर शुरू हो सकता है।