MP में फिर बदला मौसम, जबलपुर-बालाघाट समेत 16 जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी; रीवा-सतना में रेड अलर्ट
पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर तेज हो गया है, मौसम विभाग ने रीवा और सतना में अत्यंत ...और पढ़ें

-एआई से निर्मित इमेज।
HighLights
अमरपाटन में 2.5 इंच से ज्यादा पानी गिरा, मैहर में मैहर में 42.3 मिमी वर्षा।
16 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी, सतना-मैहर में स्कूल बंद।
दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अवदाब के रूप में वेदर सिस्टम सक्रिय।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर एक बार फिर तेज हो गया है। दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आसपास सक्रिय मौसम प्रणाली के असर से प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने रीवा और सतना में अत्यंत भारी वर्षा (204.4 मिमी से अधिक) का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दतिया, भिंड, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ जैसे 14 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए सतना और मैहर में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
रीवा-सतना में सबसे ज्यादा बारिश का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान रीवा और सतना जिले में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 14 जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में दतिया, भिंड, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ शामिल हैं।
नर्मदापुरम, बैतूल, सीधी, अनूपपुर, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सागर, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भारी बारिश होने की संभावना है।
भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में गरज-चमक व आंधी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में राजधानी भोपाल सहित विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना और श्योपुर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
सतना-मैहर में 25 और 26 सितंबर को स्कूल बंद
लगातार बारिश और भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. ने जिले में नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 25 और 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया है। मैहर जिले में भी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
अमरपाटन में ढाई इंच से ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई। नर्मदापुरम संभाग के कुछ स्थानों पर और भोपाल, इंदौर तथा ग्वालियर संभाग में कहीं-कहीं वर्षा हुई। शेष संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।
शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक दर्ज बारिश के आंकड़ों के अनुसार, मैहर जिले के अमरपाटन में सबसे ज्यादा 68 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा मैहर में 42.3, पचमढ़ी में 37, सतना में 34.7, नरसिंहपुर में 31, अमरकंटक में 23, सीधी में 21.4, मऊगंज में 20.4, खजुराहो में 19.8, छतरपुर में 16, अनूपपुर व मंडला में 12.2 एवं पन्ना में 11.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में सक्रिय अवदाब से MP में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र अवदाब के रूप में सक्रिय है। यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटे तक अवदाब के रूप में बने रहने और इसके बाद कमजोर होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
इसके अलावा मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी द्रोणिका भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
पूर्वी MP में 2-3 डिग्री गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में पूर्वी मध्य प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा हो सकता है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
