MP Weather: वेदर सिस्टम का असर, राजगढ़-नीमच समेत 21 जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है, जहां कुछ हिस्सों में बारिश और ग्वालियर-चंबल में तापमान में गिरावट ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
ग्वालियर-चंबल में तापमान गिरा, 21 जिलों में बारिश का अलर्ट।
अगले 24 घंटों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना।
30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में छुटपुट फुहारों का जारी है, वहीं ग्वालियर और चंबल संभाग में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 21 जिलों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अनुमान जताया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
ग्वालियर-चंबल में गिरा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।
ग्वालियर और चंबल संभाग में अधिकतम तापमान में 2.4 से 2.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। चंबल संभाग में तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री तक नीचे रहा, जबकि ग्वालियर संभाग में यह सामान्य से 2 डिग्री तक कम दर्ज किया गया। इसके विपरीत, इंदौर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री तक अधिक रहा। प्रदेश के शेष संभागों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा।
झारड़ा में 10 मिमी बारिश
शनिवार सुबह 8:30 बजे तक दर्ज आंकड़ों के अनुसार, उज्जैन जिले के झारड़ा में सर्वाधिक 10 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा विजयपुर में 8 मिमी, सबलगढ़ में 6 मिमी और धार में 3.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र ने अगले 24 घंटों के दौरान राजगढ़, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: ग्वालियर-चंबल से उज्जैन संभाग तक वेदर सिस्टम का असर, 19 जिलों में आंधी-बारिश के आसार
ये वेदर सिस्टम सक्रिय
- मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तरी हरियाणा एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई के मध्य स्थित है।
- एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, दक्षिण-पूर्व राजस्थान एवं संलग्न दक्षिणी मध्य प्रदेश के ऊपर स्थित।
- एक अन्य ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर स्थित है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अगले पांच दिनों तक तापमान और मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
