MP Weather: दिन में धूप, रात में गुलाबी ठंडक; 15 से 17 अक्टूबर तक 19 जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 15 से 17 अक्टूबर तक 19 जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
15 से 17 अक्टूबर तक 19 जिलों में बारिश संभव।
फिलहाल दिन में तेज धूप, रात में हल्की ठंडक जारी।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में तेज धूप निकल रही है, जबकि रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 अक्टूबर से बारिश का दौर कुछ जिलों में शुरू हो सकता है। पहले दिन श्योपुर, मुरैना और भिंड में हल्की वर्षा के आसार हैं। 16 अक्टूबर को ग्वालियर-चंबल अंचल के साथ बुंदेलखंड के कुछ जिलों में भी मौसम बदल सकता है। वहीं, 17 अक्टूबर को रीवा और सतना समेत 19 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
भोपाल में 1.6 डिग्री गिरा दिन का तापमान, इंदौर में पारा 34.8 डिग्री
मंगलवार को राजधानी भोपाल में दिन के तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इंदौर में भी दिन का पारा 0.7 डिग्री गिरकर 34.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। चंबल और शहडोल संभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 3.4 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के शेष संभागों में रात का तापमान सामान्य स्तर पर रहा।
ये वेदर सिस्टम सक्रिय
मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार के मुताबिक, वर्तमान में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। इनमें एक उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर और दूसरा उत्तर पाकिस्तान तथा जम्मू के आसपास मौजूद है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण बने हुए हैं।
इन मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। हालांकि, दक्षिण प्रायद्वीप में शुरू हो रहे उत्तर-पूर्वी मानसून का मध्य प्रदेश के मौसम पर असर पड़ने की संभावना नहीं है।
इन जगहों पर हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों में जिलों के हिसाब से मौसम का संभावित हाल इस प्रकार है:
15 अक्टूबर: श्योपुर, मुरैना और भिंड में हल्की बारिश के आसार।
16 अक्टूबर: मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हल्की वर्षा की संभावना।
17 अक्टूबर: रीवा, सतना, मऊगंज समेत 19 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
दिन में गर्मी, रात में ठंडक का दौर जारी
प्रदेश में फिलहाल दिन के समय धूप के कारण गर्मी का एहसास बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में अपेक्षाकृत राहत मिल रही है। आने वाले दिनों में मौसम प्रणालियों के असर से कुछ इलाकों में बादल और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। ऐसे में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
