विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम, 17 जिलों में बारिश के आसार; सीहोर में 59 किमी की रफ्तार से चली हवा

Published: Thu, 22 Oct 2026 03:38 PM (IST)

मध्य प्रदेश में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदल रहा है, जहां 17 जिलों में बारिश की ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. प्रदेश के 17 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई।

  2. सीहोर में 59 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

  3. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर संभागों में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 17 जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं।

देवास और शाजापुर में गिरा पानी

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को प्रदेश के देवास जिले में सबसे ज्यादा 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शाजापुर जिले के कालापीपल में 26 मिमी, शुजालपुर में 25 मिमी, गुलाना में 22 मिमी और शाजापुर में 11 मिमी वर्षा हुई। बारिश के कारण इन इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहा।

इन 17 जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर और सागर जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

सीहोर में चली आंधी

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक वाले मौसम के बीच कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सीहोर में हवा की अधिकतम रफ्तार 59 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। आगर में 33 किमी प्रति घंटा और छिंदवाड़ा में 30 किमी प्रति घंटा की गति से हवाएं चलीं।

नर्मदापुरम सबसे गर्म, कटनी में सबसे कम तापमान

तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। वहीं, कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पिछले 24 घंटों में शहडोल संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। रीवा संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री तक नीचे रहा। इसके उलट भोपाल, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। अन्य संभागों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा।

यह भी पढ़ें- MP Weather: गैरतगंज में 29 मिमी बारिश, इंदौर-उज्जैन समेत 21 जिलों में फुहारें पड़ने के आसार

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर के पास बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़कर दक्षिण-पूर्व और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंच गया है। इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और और अधिक मजबूत होने के आसार हैं।

इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से जुड़ा कम दबाव का क्षेत्र अब कोमोरिन क्षेत्र और उससे लगे दक्षिण तमिलनाडु व केरल के आसपास स्थित है। पूर्वोत्तर झारखंड के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

वहीं, 24 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।