MP Weather: गैरतगंज में 29 मिमी बारिश, इंदौर-उज्जैन समेत 21 जिलों में फुहारें पड़ने के आसार
मानसून की विदाई के बाद भी मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है, दशहरे पर कई संभागों में बौछारें ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मानसून विदाई के बाद भी मध्य प्रदेश में बारिश जारी।
गैरतगंज में सर्वाधिक 29 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
भोपाल सहित 21 जिलों में बारिश की संभावना।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर जारी है। स्थानीय मौसमी प्रणालियों के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बौछारें पड़ रही हैं। मंगलवार को यानी दशहरे के दिन भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर और सागर संभाग के कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को भी भोपाल सहित पश्चिमी और मध्य क्षेत्र के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही वज्रपात और झंझावात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
गैरतगंज में सबसे ज्यादा बरसा पानी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान गैरतगंज में सर्वाधिक 29 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा खंडवा में 24 मिमी और उदयनगर में 20 मिमी पानी गिरा। भीकनगांव में 16 मिमी, हरदा में 8.9 मिमी, बड़नगर में 7 मिमी और आगर में 5 मिमी बारिश हुई।
वहीं उज्जैन में 4 मिमी, बेगमगंज में 3 मिमी, राजगढ़ और देवरी (सागर) में 2-2 मिमी, जबकि भोपाल में 1.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वेदर सिस्टम का असर
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण और अरब सागर में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इन मौसमी प्रणालियों का प्रभाव मुख्य रूप से पश्चिमी और मध्य मध्य प्रदेश के जिलों में पड़ रहा है।
हालांकि, प्रदेश के पूर्वी हिस्से में इन प्रणालियों का खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। ऐसे में वहां मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: गुना में साढ़े चार इंच बारिश, भोपाल समेत 23 जिलों में गरज-चमक के साथ पड़ सकती हैं बौछारें
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, नरसिंहपुर और सागर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
