विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: रात में बढ़ी ठंड, 28 अक्टूबर से फिर होगी बारिश; रीवा-शहडोल समेत इन जिलों में अलर्ट

Published: Sun, 25 Oct 2026 04:45 PM (IST)

मध्य प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ी है, जबकि दिन में गर्मी का असर बरकरार है। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. रात के तापमान में गिरावट, कई जिलों में बढ़ी ठंड।

  2. 28 अक्टूबर से पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना।

  3. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। स्थानीय मौसमी प्रणालियों के कमजोर पड़ने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ हो गया है। इसका असर तापमान पर दिखने लगा है और रात के पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है।

रविवार को कटनी के करोंदी में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि छिंदवाड़ा में 14.4 डिग्री और इंदौर व मलाजखंड में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले तीन दिनों तक रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है।

इस बीच बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा कम दबाव का क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मौसम में फिर बदलाव ला सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आंधी चलने और गरज-चमक के भी आसार हैं।

रात में ठंडक बढ़ी, दिन में पारा 36 डिग्री के पार

आसमान साफ होने के बाद रात में धरती तेजी से ठंडी हो रही है। पूर्वी मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों और पश्चिमी क्षेत्र के पठारी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। करोंदी में पारा 13.7 डिग्री सेल्सियस रहने से रातें अपेक्षाकृत ठंडी हो गई हैं। दमोह में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दूसरी ओर, दिन के तापमान में अब भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों में खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भोपाल के बैरसिया में पारा 35.8 डिग्री, उज्जैन में 35.5 डिग्री, रतलाम में 35 डिग्री और धार में 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

28 अक्टूबर से पूर्वी एमपी में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके साथ पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बनने की संभावना है।

28 अक्टूबर: शहडोल, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

29 अक्टूबर: सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना, पन्ना, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है। वहीं सिंगरौली, छतरपुर, कटनी, जबलपुर, सिवनी और छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

30 अक्टूबर: पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का असर बना रह सकता है। हालांकि, बारिश की तीव्रता और जिलावार स्थिति के लिए मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखना जरूरी होगा।

यह भी पढ़ें- MP Weather: दिन में तपिश, रात में गुलाबी ठंड; इंदौर में 13.4 डिग्री तक लुढ़का पारा

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है। इससे सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस हो सकती है, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्मी बनी रह सकती है। 28 अक्टूबर के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने से पूर्वी जिलों में तापमान और मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।